ट्रैफिक रूल नहीं किया फॉलो, 22 पुलिस कर्मियों का कटा चालन


जगदलपुर ( न्यूज़)। बस्तर में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में दुपहिया वाहन चालकों की जान बचाने के लिए पुलिस ने एक नया प्रयोग शुरू किया है। नियम का पालन नहीं करने वालों पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। कार्रवाई की पहली कड़ी में सबसे पहले बिना हेलमेट पहने वाहन चलाते 22 पुलिस कर्मियों का चालान काटा गया। इनमें महिला और पुरूष पुलिसकर्मी शामिल हैं।

मीडिया से बातचीत के दौरान जगदलपुर एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि 17 मई को बस्तर के सभी पुलिस थाना, चौकी, कंट्रोल रूम और जिला पुलिस बल इकाई को मैसेज जारी कर सूचित किया गया था। सूचना के मुताबिक, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल जरूरी है। जानकारी के बावजूद भी पुलिस कर्मी नियमों की अनदेखी करते हुए बिना हेलमेट के सड़कों पर निकले। इसके चलते पिछले 2 दिनों में 22 पुलिसकर्मी का चालान काटा गया। इसके अलावा बीच सड़क पर वाहन खड़ी करके ट्रैफिक जाम करने वाले वाहनों का चालान भी काटा गया। नो एंट्री में प्रवेश करने वाले वाहन और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत 100 वाहनों का चालान काटा गया। यह कार्रवाई बीते दो दिनों में हुई है। इसके अलावा शहर के अलग-अलग स्थानों में हेलमेट के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए अभियान भी चलाया जा रहा है। एएसपी नाग के मुताबिक, 1 सप्ताह तक बस्तरवासियों को समझाइश दी जाएगी। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सीधे कार्रवाई होगी।

जानकारों की मानें तो बस्तर में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में मौत का कारण सिर पर गंभीर चोट लगना पाया जा रहा है। इसमें सबसे बड़ा कारण दो पहिया वाहन चालक का हेलमेट नहीं पहनना होता है। ऐसे में दुर्घटना में जान बचाने के लिए हेलमेट पहनना जरूरी है। यही कारण है कि यातायात पुलिस की ओर से लगातार चालानी कार्रवाई कर वाहन चालकों को चेतावनी दी जाती है। बावजूद इसके लोग लापरवाही करते हैं। जनता तक बेहतर संदेश पहुंचाने के लिए सबसे पहली कार्रवाई पुलिस कर्मियों पह ही की गई। इसी के तहत 22 पुलिसकर्मियों को ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर चालान काटा गया।