मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेते ही विष्णु देव साय के गाँव बगिया में उड़े रंग-गुलाल, फूटे फटाखे


रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के रूप में आज शपथ लेने के साथ ही श्री विष्णु देव साय के गाँव बगिया में लोगों ने रंग-गुलाल लगाकर, मिठाई खिलाकर और फटाखे फोड़कर एक दूसरे को बधाई दी। इस दौरान गाँव में बहुत ही उत्साह और खुशियों का माहौल दिखाई दिया। जशपुर जिले के कुनकुरी विधानसभा अंतर्गत ग्राम बगिया में आज लोगों ने नए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को शपथ लेते हुए लाइव देखा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जैसे ही मंच पर शपथ लेने आए, गाँव के लोगों ने हाथ उठाकर उनका अभिनन्दन किया। मुख्यमंत्री साय के शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण देखने आसपास के गाँव से बड़ी संख्या में लोग बगिया पहुँचे थे।

शपथ ग्रहण के साक्षी बने कुनकुरीवासी, जमकर हुई आतिशबाजी, बंटी मिठाईयां
नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विधानसभा कुनकुरी के बस स्टैण्ड में लोगों ने राजधानी रायपुर मे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह का सीधा प्रसारण देखा। कुनकुरी के विधायक विष्णु देव साय को मुख्यमंत्री के रूप मे शपथ लेते हुए देखने के लिए कुनकुरी सहित आसपास के ग्रामीण अंचल से भारी संख्या मे लोग जुटे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ देख कर उत्साहित भीड़ ने जयकारा लगाया।

विनोद राम ने बताया कि कुनकुरी के विधायक विष्णु देव साय को मुख्यमंत्री पद का शपथ लेते हुए देखना बहुत अच्छा लगा। यह पल आजीवन याद रहेगा। नारायणपुर से आई बिरसो बाई ने कहा कि जशपुर के बेटे विष्णु देव साय के मुख्यमंत्री बन जाने से सबकी समस्या सुलझ जाएगी और क्षेत्र का विकास हो सकेगा।

जमकर हुई आतिशबाजी, बंटी मिठाईयां-
विष्णु देव साय के मुख्यमंत्री बनने की ख़ुशी मे कुनकुरी बस स्टैण्ड मे जमकर आतिशबाजी की गई। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने जैसे ही विष्णु देव को मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ ग्रहण कराना शुरू किया, बस स्टैण्ड में जयकारे के साथ आतिशबाजी कर लोगों ने एक दूसरे से खुशियां बांटी। आतिशबाजी का यह क्रम लंबे समय तक चलता रहा। इस बीच लोगों ने मिठाईयां खिलाकर एक दूसरे को बधाई दी।