11 पत्नियां शराबी पति को छोड़ गईं, 12वीं पत्नी को पति ने पीटकर मार डाला

बोकारो। झारखंड के बोकारो से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने शराब पीने से मना करने पर अपनी पत्नी को लाठी-डंडों से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के अनुसार, मृतका उसकी 12वीं पत्नी थी। इससे पहले उसने 11 शादियां की लेकिन शराब पीकर लड़ाई करने की वजह से बारी-बारी सभी छोड़कर चली गईं।

बोकारो। झारखंड के बोकारो से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने शराब पीने से मना करने पर अपनी पत्नी को लाठी-डंडों से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के अनुसार, मृतका उसकी 12वीं पत्नी थी। इससे पहले उसने 11 शादियां की लेकिन शराब पीकर लड़ाई करने की वजह से बारी-बारी सभी छोड़कर चली गईं। जब उसकी 12वीं पत्नी ने भी शराब पीने से रोका तो ये उस व्यक्ति को इतना नागवार गुजरा कि उसने पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

झारखंड के बोकारो में रहने वाले राम चंद्र तुरी ने 12 शादियां की थीं। पहले शादी की हुई 11 पत्नियों ने शराब पीने और शराब पीकर लड़ाई करने की वजह से छोड़ दिया था। राम चंद्र की शादी 20 साल पहले सावित्री देवी से हुई थी। 12वीं पत्नी सावित्री देवी से राम चंद्र के चार बच्चे हैं। एक बच्चा हैदराबाद में मजदूरी का काम करता है। बाकी के तीन शादी समारोह में गए हुए थे। सोमवार को घर में राम चंद्र और उसकी पत्नी के अलावा कोई नहीं था। राम चंद्र शराब पीने लगा तो पत्नी ने रोका। इस बात से गुस्साए राम चंद्र ने पत्नी सावित्री देवी की हत्या कर दी।

तारापुर गांव के पंचायत सदस्य विनय कुमार साव ने बताया कि तुरी ने पहले भी 11 शादियां की हुई थीं। शराब पीकर मारपीट करने के कारण सभी पत्नियों ने छोड़ दिया था। जब राम चंद्र की 12वीं पत्नी ने भी उसको शराब पीने से मना किया तो उसने उसकी हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी राम चंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने रामचंद्र की बारह शादियों की पुष्टि नहीं कि है। पुलिस से इतर गांव के पंचायत मेंबर ने बताया कि उसकी यह 12वीं पत्नी थी। 

इस मामले में गांव वालों ने भी जानकारी दी है। गांव वालों का कहना है कि सोमवार की रात राम चंद्र शराब पीकर घर आया था। घर आकर राम चंद्र फिर से शराब पीने लगा, जिसपर पत्नी सावित्री ने उसे रोका तो वह गुस्से में आकर उसे पीटने लगा। पीटते-पीटते सावित्री बेहोश हो गई लेकिन आरोपी ने लाठी-डंडों से पीटना जारी रखा। गांव वालों ने बताया कि आरोपी पत्नी को तब तक पीटता रहा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। रात में बच्चे शादी से घर वापस लौटे तो मां को खून से लथपथ देखा और शोर मचाया। आवाज सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन करने के बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।