जगदलपुर में 14 साल के मासूम ने दे दी जान, पबजी खेलने से मां ने किया था मना… सुसाइड नोट भी बरामद


जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में 14 साल के बच्चे द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बच्चा गर्मी की छुट्टियों में अपने नाना के घर पर आया था। शुक्रवार को शाम को अचानक वह घर से गायब हो गया। परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन वह नहीं मिला। शनिवार की सुबह पुल के पास नदी में बच्चे का शव मिला। घटना की सूचना के बाद पुलिस पहुंची। जांच में पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला जिसमें बच्चे ने पबजी खेलने से मना करने का जिक्र किया। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार बनारस के मुगलसराय में रहने वाले सुनील गुप्ता का छोटा बेटा अभिनव गुप्ता (14) अपनी मां साथ नाना रामदुलारे के घर जगदलपुर लालबाग आया था। बच्चा दिनभर मोबाइल में पबजी गेम में लगा रहता था। उसकी इस आदत से परेशान मां बार बार उसे ठोकती थी। इसके बाद भी वह नहीं माना तो शुक्रवार को उसने बच्चे से मोबाइल ही छीन लिया।

मोबाइल छीनने से नाराज अभिनव शुक्रवार शाम को घर से निकल गया। इसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन वह कहीं नहीं मिला। इस संबंध में परिजनों ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भी बच्चे की खोजबीन शुरू की। इस बीच शनिवार की सुबह कुछ बच्चे जब नदी में नहाने गए तो एक शव को पानी के ऊपर देखा। इसके बाद इसकी सूचना पुलिस तक पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों ने पहुंचकर शव की शिनाख्त अभिनव के रूप की। इसके बाद शव को पीएम के लिए मेकाज भेजा गया। इधर पुलिस जब घर पर पहुंची और कमरे की जांच की तो एक सुसाइड नोट मिला जिसमें बच्चे ने पबजी गेम खलने से मना करने का जिक्र किया है।