बीएसएफ का निजी वाहन पलटने से 17 जवान घायल, पांच की हालत गंभीर, रायपुर किया गया रेफर


कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर व नारायणपुर जिले के सीमावर्ती गांव कुम्हारी में बीएसएफ का निजी वाहन पलटने से 17 जवान घायल हो गये हैं। घायल जवानों में पांच जवान गम्भीर रूप से घायल बताये जा रहे हैं। हादसे में 17 जवान घायल हुये हैं जिनको  नारायणपुर के जिला अस्पताल में उचित इलाज के लिए ले जाया गया। यहां से पांच गंभीर जवानों को रायपुर रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार पूरा मामला जिला नारायणपुर और जिला कांकेर के सीमावर्ती थाना रावघाट और ताडोकी के बीच का है जहां पर 162 बटालियन बीएसएफ के जवान वाहन में जा रहे थे तभी ये हादसा हुआ है। हादसे में 17 जवान घायल हो गए हैं। प्राथमिक इलाज के लिए नारायण पुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जवानों की हालत अभी सही बताई जा रही है, प्राथमिक उपचार जारी है। नारायणपुर एसपी पुष्कर शर्मा ने बताया कि घटना में  पांच जवान गंभीर रूप से घायल हुये हैं उनको बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। सरगीपाल फुलपाड कैम्प में जवान नक्सल मोर्चे पर पदस्थ थे। छुट्टी में सभी जवान बीएसएफ के निजी वाहन से अन्तागढ़ आ रहे थे उसी दौरान स्टेरिंग फेल होने के कारण दुर्घटना घटी।