Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124

State Congress Committee : दुर्ग । प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू ने सांसद विजय बघेल के बयान पर तंज कसा है। राजेंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा किसानों की कर्जमाफी का वादा करने के बाद से सांसद विजय बघेल समेत तमाम भाजपा नेताओं के पेट में दर्द क्यों उठने लगा है? विजय बघेल और सरोज पांडेय में हिम्मत है तो मोदी सरकार से पूरे देश के किसानों का कर्ज माफ कराएं।
राजेंद्र ने कहा कि सांसद विजय बघेल को पता होना चाहिए कि सभी किसान हर साल खेती के लिए कर्ज लेते हैं। भाजपा राज में जब छत्तीसगढ़ के किसानों को धान का सही मूल्य नहीं मिल रहा था तो किसान कई साल से कर्ज में डूबे थे। आत्महत्याएं कर रहे थे। भूपेश सरकार ने 2018 में कर्ज माफी के साथ ही 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी शुरू की, जिसके बाद किसान कर्जमुक्त हो रहे हैं।
State Congress Committee : किसानों ने खरीफ सीजन के लिए हर साल की तरह इस साल भी कर्ज लिया है। सीएम भूपेश बघेल ने इसी कर्ज को माफ करने का ऐलान किया है। लेकिन भाजपा नेता इस फैसले का विरोध कर रहे हैं। भाजपा ने पहले 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का विरोध किया। किसानों की कर्जमाफी का भी विरोध किया।
प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदने के फैसले का भी भाजपा नेताओं ने विरोध किया। राजेंद्र ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने अडानी, अंबानी समेत बड़े औद्योगिक घरानों का लाखों करोड़ रुपए कर्ज माफ किया है। लेकिन, भाजपा नेता किसानों की कर्ज माफी के फैसले का विरोध कर रहे हैं। राजेंद्र ने कहा कि उद्योगपतियों की कर्जमाफी की आधी रकम से पूरे देश के किसानों का कर्जमाफ किया जा सकता है और अच्छे दाम पर फसल खरीदी कर उनकी आर्थिक स्थिति सुधारी जा सकती है।
राजेंद्र ने कहा कि भूपेश सरकार ने पिछले पांच साल में किसानों की धान खरीदी, कर्जमाफी और गोबर खरीदी करते हुए किसानों के खाते में एक लाख 75 हजार करोड़ रुपए ट्रांसफर किये हैं। विजय बघेल और सरोज पांडेय को बताना चाहिए कि केंद्र सरकार ने पिछले पांच साल में किसानों का कितना कर्ज माफ किया। ये भी बताएं कि मोदी सरकार ने देश के किन राज्यों में 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान का एक-एक दाना खरीदा।
राजेंद्र ने सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय को चुनौती देते हुए कहा है कि अगर उनमें हिम्मत है तो मोदी सरकार से पूरे देश के किसानों का कर्जमाफ कराएं। पूरे देश के किसानों का धान 25 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी करें। एक-एक दाना धान खरीदने का दावा करने वाले पीएम नरेंद्र मोदी देश भर में किसानों का कम से कम 20 क्विंटल धान खरीदें।