Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124

विशाखापट्नम। पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र ‘चक्रवाती तूफान’ में तब्दील हो गया है। इस तूफान को मिचौंग नाम दिया गया है जिसके मंगलवार को आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और मछलीपट्टनम के बीच पहुंचने की आंशका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मिचौंग’ मंगलवार को भारतीय समयानुसार ढाई बजे दक्षिण बंगाल की खाड़ी के ऊपर चेन्नई से करीब सौ किलोमीटर उत्तर पूर्व और नेल्लोर से 120 किलोमीटर दक्षिण पूव में केंद्रित था। यह धीरे-धीरे तेज होगा और उत्तर की ओर बढ़ेगा और गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पांच दिसंबर की दोपहर बापटला के करीब नेल्लोर और मछलीपट्टनम के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश तट को पार करेगा।
चक्रवाती तूफान ‘मिचौंग’ चेन्नई से करीब 90 किलोमीटर पूर्व-उत्तरपूर्व में आज सुबह 8:30 बजे भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया। मौसम विभाग ने उत्तर-तटीय तमिलनाडु और पुडुचेरी में चार और पांच दिसंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। चार और पांच दिसंबर को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है, जबकि तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। चेन्नई के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते ओमनदुरार सरकारी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के बाहर वालाजाह रोड, माउंट रोड, अन्ना सलाई, चेपॉक सहित कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। तूफान के कारण तमिलनाडु सरकार ने चक्रवात को देखते हुए चेन्नई, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम और तिरुवल्लूर जिलों में मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
शाह ने तमिलनाडु और पुड्डुचेरी के मुख्यमंत्री से की बात
इधर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी से बात की। चक्रवात मिचौंग के कारण चुनौतीपूर्ण मौसम की स्थिति से निपटने के लिए किए गए उपायों का जायजा लिया। ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि लोगों की जान बचाने के लिए उन्हें मोदी सरकार की ओर से सभी जरूरी सहायता का आश्वासन दिया है। एनडीआरएफ की पर्याप्त तैनाती पहले ही की जा चुकी है। आगे की सहायता के लिए अतिरिक्त टीमें तैयार हैं।