छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय 13 दिसंबर को लेंगे शपथ, पीएम नरेन्द्र मोदी सहित यह दिग्गज होंगे शामिल


रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने नए मुख्यमंत्री का ऐलान कर दिया है। आदिवासी समाज के दिग्गज नेता विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ के चौथे मुख्यमंत्री बने हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद विष्णुदेव साय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के साथ राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन के पास पहुंचकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। अब सीएम साय के शपथ ग्रहण की तारीख भी तय हो गई है। छत्तीसगढ़ के नए सीएम विष्णुदेव साय 13 दिसंबर को शपथ ग्रहण करेंगे।

बता दें बहुमत में आने के बाद भाजपा को मुख्यमंत्री चयन में पूरे एक सप्ताह का समय लग गया। रविवार को छत्तीसगढ़ के पर्यचेक्षकों अर्जुन मुंडा, सर्वानंद सोनोवाल व दुष्यंत गौतम ने विधायक दल की बैठक ली। पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव व बृजमोहन अग्रवाल ने विधायक दल की बैठक में सीएम के नाम पर विष्णुदेव साय का नाम सामने रखा। इस प्रस्ताव को विधायक दल ने स्वीकार किया। इसके बाद छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री के तौर पर विष्णुदेव साय के नाम की घोषणा की गई।

13 दिसंबर को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में दो डिप्टी सीएम भी शपथ ग्रहण करेंगे। छत्तीसगढ़ में उपमुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव तथा कवर्धा विधायक विजय शर्मा शपथ लेंगे। वहीं पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह स्पीकर के होंगे। अरुण साव इससे पहले सांसद भी रह चुके हैं। वहीं विजय शर्मा ने कवर्धा से कांग्रेस के दिग्गज मंत्री मोहम्मद अकबर को हराकर पहली बार विधायक बने हैं। इनके अलावा 13 दिसंबर को संभावित मंत्री भी शपथ ले सकते हैं।