कांकेर में आईईडी ब्लास्ट : बीएसएफ का एक जवान शहीद, दो दिन में दो जवानों की शहादत


कांकेर। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का उत्पात बढ़ता जा रहा है। बुधवार को नारायणपुर में आईईडी ब्लास्ट में एक जवान की शहादत के बाद गुरुवार को भी नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया। इस ब्लास्ट में बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया है। बताया जा रहा है कि परतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महला के जंगलों में बीएसएफ के जवान सर्चिंग में निकले हुए थे, तभी नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दिया। इस दौरान 47वीं बटालियन में तैनात बीएसएफ के जवान खिलेश्वर राय गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।  

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को महला के जंगलों में बीएसएफ के जवान सर्चिंग में निकले हुए थे, तभी नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दिया। जैसे ही ब्लास्ट हुआ सभी जवानों ने अपना मोर्चा संभाल लिया, लेकिन इस दौरान एक जवान खिलेश्वर राय गंभीर रूप से घायल हो गए। माहौल शांत होने के बाद जवानों ने घायल जवान खिलेश्वर राय को बेहतर उपचार के लिए सिविल अस्पताल पखांजुर पहुंचाया। इलाज के दौरान जवान ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में सर्चिंग बढ़ा दी गई और घटनास्थल के आसपास सर्चिंग तेज कर दी गई है।

एक दिन पहले आमदई माइंस में हुआ था ब्लास्ट
एक दिन पहले बुधवार को नारायणपुर के आमदई माइंस की सुरक्षा में लगे जवानों को नक्सलियों ने एक बार फिर अपना निशाना बनाया था। आईईडी ब्लास्ट में एक जवान बलिदान और एक जवान घायल हो गया था। माइंस में जगह-जगह आईईडी लगाने की नक्सलियों ने भी चेतावनी दी थी। इससे पहले आईईडी ब्लास्ट में दो मजदूरों की मौत भी हो गई थी।