आज होगा छत्तीसगढ़ के मंत्रिमंडल विस्तार: बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, ओपी चौधरी सहित नौ विधायक लेंगे शपथ


रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव जीतने व सीएम के शपथ के बाद मंत्री मंडल के विस्तार को लेकर हो रहा इंतजार अब खत्म हो गया है। शुक्रवार दोपहर 12 बजे से सीएम विष्णुदेव के नए मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। कैबिनेट मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में आयोजित किया जा रहा है। 9 विधायकों को राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन मंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। सीएम विष्णुदेव साय ने गुरुवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि नौ विधायकों को नए मंत्रिमंडल में शामिल करने के साथ शुक्रवार को कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा।

शुक्रवार को राजभवन में जिन नौ विधायकों का शपथ होगा उनमें वरिष्ठ विधायक व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, केदार कश्यप, दयालदास बघेल के अलावा लखन लाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, टंकराम वर्मा, लक्ष्मी राजवाड़े के नाम शामिल है। 9 विधायकों में पांच विधायक पहली बार मंत्री बन रहे हैं। यानी भारतीय जनता पार्टी ने मंत्री मंडल में भी नए चेहरों को मौका दिया है। जातिगत समीकरण के साथ ही संभाग के अनुसार मंत्रीमंडल का विस्तार किया जा रहा है।

सीएम समेत हो सकते हैं अधिकतम 13 मंत्री
छत्तीसगढ़ विधानसभा की संवैधानिक व्यवस्था के मुताबिक सीएम सहित अधिकतम 13 मंत्री हो सकते हैं। वर्तमान में सीएम विष्णुदेव साय के साथ उप मुख्यमंत्री के रूप में अरुण साव व विजय शर्मा कैबिनेट में हैं। आज 9 विधायकों के मंत्री बनने के बाद यह संख्या 12 हो जाती है। यानी एक मंत्रीपद खाली रखा गया जिसकी घोषणा एक दो दिन में किए जाने की संभावना है। सीएम साय ने भी मीडिया से चर्चा में कहा था कि एक मंत्री का शपथ बाद में होगा।