कोरबा में एक क्वार्टर में लगी भीषण आग, घर का सामान जलकर खाक… घंटों मशक्कत के बाद पाया गया काबू


कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की रिहायशी कॉलोनी के मकान में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना सिविल लाइन थाना अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की है। यहां के एक क्वार्टर में शनिवार तड़के 4 बजे अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद कॉलोनी में हड़कंप मच गया। आनन फानन में फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। कुछ देर में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के कारण घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार एसबीआई कर्मचारी मनोज कुमार देवांगन के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित मकान में आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी है। शनिवार तड़के 4 बजे घर से धुआं उठता देख वह अपने कमरे से बाहर निकला। इसके बाद मदद के लिए पड़ोसियों को जगाया। तब तक आग बढ़ चुकी थी। घर पर रखा फ्रिज भी ब्लास्ट हो गया। आग से घर में रखी अलमारी, लकड़ी का दीवान, पंखा समेत अन्य सामान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया गया।