विधानसभा के बाद अब लोकसभा चुनाव की तैयारी, दुर्ग जिले में हुआ मतदाता सूची का प्रकाशन, 22 जनवरी तक दावा आपत्ति


भिलाई। छत्तीसगढ़ सहित पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब लोकसभा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। लोकसभा चुनाव को देखते हुए दुर्ग जिला निर्वाचन विभाग ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इसकी शुरुआत मतदाता सूची में नाम जोड़ने और काटने का कार्य किया जाना है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी बजरंग दुबे ने इस संबंध में बताया कि भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छ.ग. रामपुर के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 1 जनवरी 2024 को मिल गया है। उसी के मुताबिक पूरा कार्यक्रम तय किया गया है।

उन्होंने बताया कि 6 जनवरी शनिवार को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जा जा चुका है। 8 फरवरी 2024 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके साथ ही 6 से 22 जनवरी तक कार्यालयीन दिवसों में सभी मतदान केन्द्रों में दावा-आपत्ति प्राप्त करने का कार्य किया जाएगा। दावा-आपत्ति प्राप्त करने के लिए विशेष अभियान दिवस के तहत विशेष शिविर लगाए जाएंगे। 13 जनवरी और 14 जनवरी को भी दावा आपत्ति प्राप्त करने का कार्य किया जाएगा। पुनरीक्षण के समय प्राप्त दावा आपत्ति की सूची वेबसाईट पर उपलब्ध रहेगी। सूची मे आपत्ति होने पर संबंधित निर्वाचक/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।

जानकारी के लिए करें टोल फ्री में काल
यदि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान या मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी चाहिए तो उसके लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय रायपुर के टोल फ्री नंबर 1950 में कॉल कर सकते हैं। इसके लिए आपको कार्यालयीन दिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5.30 तक ही कॉल करना होगा। यदि मतदाता सूची में नाम जोड़ना, काटना, सुधार करना या फिर दूसरी जगह स्थानान्तरण कराना है तो ये कार्य ऑनलाइन भी किया जा सकता है। इसके लिये आपको फोन के Play Store से Voter Helpline App डाउनलोड करना होगा। या फिर वेबसाइट voters.eci.gov.in पोर्टल में जाकर ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं। इसमें आप ऑनलाइन मतदाता सूची में अपना नाम भी Search कर सकते हैं।