Big news : सनकी युवक ने मां व दो माह के बेटे को कुल्हाड़ी से काटा, पत्नी पर भी जानलेवा हमला… आरोपी गिरफ्तार


बालोद। जिले के पुरुर थाना क्षेत्र में शनिवार को खौफनाक घटना सामने आई है। यहां एक सनकी युवक ने अपनी मां और 2 माह के बेटे को कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला। इसके बाद पत्नी पर भी जानलेवा हमला किया। पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यही नहीं इसके बाद युवक अपने पिता को भी मारने की कोशिश में था। घटना की सूचना के बाद पुलिस एक्टिव हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम उसरापारा निवासी भवानी निषाद (27) शराब पीने का आदी है। शनिवार दोपहर को भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा। नशे में होने के कारण घरवालों से उसका विवाद हो गया। इसके बाद भवानी ने पास में पड़ी कुल्हाड़ी उठा ली और अपनी मां और पत्नी पर हमला कर दिया। भवानी ने अपनी मां शांति बाई (50) पर ताबड़तोड़ कई वार किए जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हमले में उसकी पत्नी जागेश्वरी निषाद (25) गंभीर रूप से घायल हो गई। भवानी पर सनक इस कदर सवार थी कि उसने अपने दो माह के बच्चे वैभव पर भी कुल्हाडी से हमला कर दिया जिससे उसकी भी मौत हो गई।

इसके बाद वह खून से सने कपड़ों में गांव में अपने पिता की तलाश में घूमता रहा। इस दौरान गांववालों ने उससे पूछा तो वह टाल गया। इसके बाद गांववाले भवनी के घर पहुंचे तो देखा कि दरवाजा बंद है। दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो खून से लथपथ शव पड़े हुए थे। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद गांव पहुंची पुलिस ने भवानी को गिरफ्तार कर लिया। मौके पर गंभीर रूप से घायल जागेश्वरी को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल जागेश्वरी का इलाज चल रहा है। वहीं घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

पिता की हत्या के बाद खुदकुशी की तैयारी में था आरोपी
इधर पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के खौफनाक इरादे का पता चला। आरोपी ने बताया कि वह गांव में उसके पिता जलिंधर निषाद के आने का इंतजार कर रहा था। वह अपनी बेटी के घर मेले में गए थे। उसने पुलिस को बताया कि पिता के लौटने के बाद उनकी भी हत्या कर खुदकुशी करने वाला था। आरोपी ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले गांव के एक व्यक्ति ने उस पर चोरी का आरोप लगाया था जिससे वह गुस्से में था। वहीं शनिवार को घर पहुंचने पर मां व पत्नी विवाद करने लगे जिससे वह आक्रोशित हो गया और इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने शाम को ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रात ज्यादा होने के कारण रविवार को पोस्टमार्टम हुआ।