भाजपा नेता असीम राय की हत्या के बाद पखांजुर में तनाव, विरोध में नगर बंद, जांच के लिए एसआईटी का गठन


कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भाजपा उपाध्यक्ष असीम राय की रविवार रात गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद सोमवार की सुबह से इलाके में तनाव बना हुआ है। राय के समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं। जगह-जगह रास्ता जाम कर हमलावरों को चिह्नित कर गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। वहीं इस मामले में भाजपा नेता की हत्या मामले में डिप्टी CM विजय शर्मा ने कांग्रेसियों-नक्सलियों की मिलीभगत का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि वो कॉम्प्रोमाइज्ड रहे हैं। भाजपा की सरकार आने से नक्सली बौखलाए हुए हैं।

बता दें कि कांकेर के पखांजूर में रविवार रात आठ बजे भाजपा के जिला उपाध्यक्ष व पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष असीम राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन पर आठ वर्ष पहले भी आपसी रंजिश को लेकर हमला किया था, तब हमलावरों की चलाई गई गोली उनके हाथ को छूकर निकल गई थी। हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल रहा। सोमवार को पुराना बाजार इलाके में हुई वारदात के बाद असीम के समर्थकों ने हंगामा मचाया। कांग्रेस पार्षद विकास पाल पर हत्या का आरोप लगाते हुआ उनकी लाज में तोडफ़ोड़ की।

हत्या के विरोध में नगर बंद
हत्या के विरोध में सोमवार को परलकोट क्षेत्र में बंद का आह्वान किया गया। बंद का यहां व्यापक असर हुआ है। पखांजुर पुराने बाजार चौक, कापसी बाजार चौक मुख्य सड़क पर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान इलाके में दुकान-बाजार बंद रहे। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी स्थिति पर नजर रखे हुए थे।

जांच के लिए पुलिस ने किया एसआईटी का गठन
भाजपा नेता असीम राय हत्याकांड की जांच के लिए एसआइटी गठित की गई है। पुलिस का दावा है कि इस घटना के कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया गया है। वहीं इस मामले में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा ने निष्ठावान कार्यकर्ता खोया है। दोषियों को नहीं छोड़ा जाएगा। जो भी दोषी होगा उप पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।