22 जनवरी को छत्तीसगढ़ के सरकारी दफ्तर दोपहर 2:30 बजे तक रहेंगे बंद, सीएम साय का ऐलान


रायपुर। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए सरकार कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा की है। केन्द्र सरकार द्वारा केन्द्रीय कर्मचारियों को दोपहर 2:30 बजे तक की छुट्टी का ऐलान करने के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने भी इसकी घोषणा की है। 22 जनवरी को छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मियों को भी आधे दिन की छुट्टी दी जा रही है। सीएम साय ने घोषणा की है कि 22 जनवरी को सभी सरकारी दफ्तर दो 2:30 बजे तक बंद रहेंगे।  

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ से भगवान श्रीराम का गहरा नाता है। छत्तीसगढ़ उनका ननिहाल है। भगवान राम अयोध्या में जन्मे, उनकी माता कौशल्या का जन्म छत्तीसगढ़ में हुआ। इस तरह भगवान राम छत्तीसगढ़ के भांजे हैं। वनवास काल के 14 वर्षों में से 10 वर्ष उन्होंने छत्तीसगढ़ के जंगलों में व्यतीत किए। वे छत्तीसगढ़ के जन-जन के मन में रचे-बसे हैं। साय ने कहा कि अयोध्या में हो रही रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पूरा छत्तीसगढ़ हर्षित है। 22 जनवरी को दोपहर 2.30 बजे तक राज्य में अवकाश रहेगा ताकि छत्तीसगढ़ के लोग रामलला के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आनंद ले सकें और उत्सव मना सकें।