CG Crime : नशेड़ी पति ने पत्नी को जिंदा चूल्हे में झोंका, रसोई में मिली थी अधजली लाश… आरोपी गिरफ्तार


कोरबा। जिले के बांगो थाना क्षेत्र में एक दिन पहले रसोई से मिली आंगनबाड़ी सहायिका की अधजली लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। महिला की हत्या की गई थी और हत्या करने वाला कोई और नहीं बल्कि उसका पति ही है। नशे में धुत पति ने मामूली बात पर हुए विवाद के बाद पत्नी को जिंदा चूल्हे में झोंक दिया। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

बता दें डुमरमुड़ा गांव में रहने वाली बृज कुंवर (45) आंगनबाड़ी में सहायिका का काम करती थी। एक दिन पहले उसका शव अधजली हालत में उसी के घर की रसोई में मिला था। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। सूचना मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई। पता चला कि वह वह अपने पति कृष्णा टेकाम के साथ घर में रहती थी। उनका 20 साल का एक बेटा है, जो बोरवेल में काम करने के लिए बाहर गया हुआ था। घटना के समय पति भी घर पर नहीं था।

प्राथमिक जांच में पुलिस को अंदेशा हुआ कि महिला की हत्या की गई है। किसी ने उसे जलाया है। इसी एंगल से पुलिस ने अपनी जांच शुरू की। बांगो थाना पुलिस ने परिजनों से पूछताछ शुरू की। इस बीच पुलिस को पता चला कि मृतका आंगनबाड़ी सहायिका बृज कुंवर और पति कृष्णा टेकाम के बीच रिश्ते भी अच्छे नहीं थे और अक्सर किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था। दोनों को शराब पीने की भी लत थी।

कटघोरा SDOP पंकज ठाकुर ने बताया कि शनिवार को पति-पत्नी ने जमकर महुआ शराब पी। इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि कृष्णा ने बृज कुंवर की बेरहमी से पिटाई कर दी। इसके बाद उसने पत्नी को किचन के जलते चूल्हे में झोंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद वो गांव के ही जंगल में चला गया, ताकी लोगों को गुमराह किया जा सके और लगे कि उसकी पत्नी की मौत खाना बनाते वक्त चूल्हे में गिरकर हो गई है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति कृष्णा टेकाम को गिरफ्तार कर लिया है।