छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन बना नंदिनी थाना, भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने किया चयनित


भिलाई। दुर्ग जिले में स्थित नंदिनी पुलिस थाना को छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ थाना घोषित किया गया है। वर्ष 2023 के लिए यह रैकिंग 05 जनवरी, 2024 को वार्षिक डीजी व आईडीपी सम्मेलन 2024 के दौरान जारी किया गया। इस सम्मेलन में दुर्ग जिले के नदिनी पुलिस थाना को वर्ष 2023 के लिए छत्तीसगढ़ का सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन चुना गया है। नंदिनी पुलिस थाने की इस उपलब्धि के लिए दुर्ग एसपी राम गोपाल गर्ग सहित आला अधिकारियों ने बधाई दी है।

भारत सरकार गृह मंत्रालय द्वारा प्रतिवर्ष निर्धारित मापदंडों के आधार पर देश के पुलिस स्टेशनों का रैकिंग किया जाता है। इस उपलब्धि के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग राम गोपाल गर्ग ने कहा कि गृह मंत्रालय से जिला दुर्ग के नंदिनी थाना को बेहतर थाना का पुरस्कार मिलने से पूरे छत्तीसगढ़ में जिला दुर्ग पुलिस का सिर ऊंचा हुआ है। इस पुरस्कार के प्राप्त होने से राज्य सहित जिले के अन्य सभी थानों को उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।  साथ ही उन्होंने जन-सेवा एवं अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित थाने के समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी ।