कवर्धा में जिला पंचायत सीईओ के सुरक्षाकर्मी ने की खुदकुशी… खून से लथापथ मिला शव


कबीरधाम। कवर्धा जिला पंचायत के सीईओ संदीप अग्रवाल के सुरक्षाकर्मी कृष्ण कुमार साहू ने खुदखुशी कर ली है। उसने अपने ही सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। गुरुवार की सुबह उसके कमरे में उसका शव खून से लथपथ हालत में मिला। घटना की जानकारी मिलने पर आज सुबह पुलिस की टीम पहुंची और शव को पीएम के लिए भेजा गया। मामला जिले के सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार कृष्ण कुमार साहू बिलासपुर जिले के सीपत का रहने वाला था। वह एक साल से कवर्धा जिला पंचायत सीईओ की सुरक्षा में तैनात था। बताया जा रहा है कि बुधवार को वह कवर्धा के कॉलेज ग्राउंड में आयोजित सरस मेला कार्यक्रम के दौरान ड्यूटी पर था। रात करीब 11 बजे वह अधिकारी के बंगले में आया और खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया। इसके बाद सुबह उसकी खून से लथपथ लाश दिखी।

बंगले में काम करने वाली महिला कर्मचारी सुरक्षा कर्मी के नहीं आने पर उसके कमरे में गई, तो देखा कि जवान अपने बेड पर खून से लथपथ पड़ा हुआ है। उसके पास ही गन रखी थी। पुलिस को आशंका है कि गनमैन ने रात में ही खुद को गोली मार ली थी। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि जवान ने आत्महत्या क्यों की।