पड़ोसी की कुल्हाडी मारकर हत्या, घटना के बाद शव के पास बैठा रहा आरोपी, पुलिस को बताया अफसोस नहीं


भिलाई। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र में बीती रात को पड़ोसी ने पड़ोसी की हत्या कर दी। घटना रविवार रात लगभग 8 बजे की बताई जा रही है। खासबात यह है कि हत्या के बाद आरोपी शव के पास ही बैठा रहा। जैसे ही इसकी जानकारी आसपास के लोगों को लगी हड़कंप मच गया। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्या करने वाले आरोपी ने पुलिस को कहा कि उसे इसका कोई अफसोस नहीं है। बताया जा रहा है कि मृतक आरोपी की पत्नी पर बुरी नीयत रखता था इसलिए उसने हत्या कर दी।

उतई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उतई थाना क्षेत्र के ग्राम महकाकला निवासी सुनील कुर्रे (35) ने अपने पड़ोसी कामेश्वर मारकंडे (36) की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी सुनील शव के पास ही बैठा रहा। घटना की सूचना के बाद जब पुलिस पहुंची तो उसने कहा कि उसे हत्या कोई अफसोस नहीं है। उसने बताया कि उसका पड़ोसी कामेश्वर उसकी पत्नी पर गलत नीयत रखता था। इसी शक में उसने उसकी हत्या की।

मैदान के पास बुलाया और कर दिया वार
पुलिस ने बताया कि आरोपी सुनील ने हत्या की पूरी प्लानिंग की थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी सुनील ने बताया कि मेरी पत्नी से कामेश्वर बातचीत करता था। कई बार दोनों को समझाया, लेकिन वो नहीं माने और बात करते रहे। पिछले हफ्ते फोन पर पत्नी से हुई बातचीत की उसने रिकॉर्डिंग सुन ली थी। उसने कामेश्वर की हत्या की प्लानिंग की। रविवार की रात को उसने कामेश्वर को मैदान के पास बुलाया। इसके बाद दोनों में विवाद शुरू हो गया। सुनील का कहना था कि बार बार मना करने के बाद कामेश्वर उसकी पत्नी से बात करता था जो कि उसे पसंद नहीं था।

इसी बात को लेकर जब विवाद बढ़ने लगा तो पहले से अपने साथ लाई हुई कुल्हाड़ी से सुनील ने कामेश्वर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इससे कामेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई। कामेश्वर की हत्या करने के बाद आरोपी शव के पास ही बैठा रहा। सूचना मिलने पर एसीसीयू प्रभारी कपिल देव पांडे, एसडीओपी देवांश राठौर र डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सुनील कुर्रे को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने  शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।