हरियाणा को मिला नया मुख्यमंत्री, कुरुक्षेत्र के भाजपा सांसद नायब सिंह सैनी बने सीएम, राज्यपाल ने दिलाई शपथ


चंडीगढ़। हरियाणा में पांच साल पुराना भाजपा जजपा गठबंधन टूट गया है। मंगलवार को दिन चढ़ते ही प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां शुरू हुईं जो दोपहर होते होते एक सियासी भूचाल में बदल गई। भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद मनोहर लाल ने पूरी कैबिनेट के साथ इस्तीफा दे दिया। वहीं नायब सिंह सैनी के रूप में हरियाणा को अपना नया सीएम मिल चुका है। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद नायब सैनी को हरियाणा का अगला मुख्यमंत्री घोषित करने के बाद उनके समर्थकों ने कुरूक्षेत्र में जश्न मनाया।

नायब सैनी के साथ कई मंत्रियों ने भी शपथ ली है। कंवर पाल गुर्जर ने मंत्री पद की शपथ ली। वे मनोहर लाल मंत्रिमंडल में भी शिक्षा मंत्री थे। मूलचंद शर्मा भी मंत्री पद की शपथ ली।मनोहर सरकार में बिजली मंत्री रहे रणजीत सिंह चौटाला ने भी नई सरकार में मंत्री पद की शपथ ली।जेपी दलाल को भी मंत्रिमंडल में जगह मिली है। मनोहर सरकार में वह कृषि मंत्री थे। बनवारी लाल ने भी मंत्री पद की शपथ ली। डॉ. बनवारी लाल पिछली सरकार में सहकारिता मंत्री थे।