छत्तीसगढ़ की महिलाओं को मिली महतारी वंदन योजना की दूसरी किश्त, सीएम साय ने दी गुड न्यूज


रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिलाओं को महतारी वंदन योजना की दूसरी किश्त जारी कर दी गई है। 3 अप्रैल को सीएम साय ने इसकी जानकारी साझा की। सारंगढ़ के पवनी में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की माताओं-बहनों को ये खुशखबरी देते हुए कहा कि ‘महतारी-बहिनी मन अपन खाता चेक करव, महतारी वंदन योजना के दूसरी किश्त 655 करोड़ रुपया जारी कर दे हन।

सारंगढ़ के पवनी में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश की समस्त माताओं-बहनों को यह खुशखबरी दी। सीएम साय ने सभा में कहा कि सबके खाता म एक-एक हजार रुपया आ गए होही, अउ हर महीना के पहला सप्ताह म आप मनला राशि जारी कर देबो। सभा के दौरान सीएम कहा कि हमारी सरकार में मोदी की गारंटी का सभी वादे सांय-सांय पूरे हो रहे हैं और कांग्रेस का बाय-बाय हो रहा है। इस वजह से कांग्रेस के नेता अमर्यादित टिप्पणी कर रहे हैं। कांग्रेसियों ने पहले भी मोदी के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की है।

यह चुनाव मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का है
सभा में मुख्यमंत्री साय ने कि यह चुनाव मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिन-रात 140 करोड़ भारतवासियों की चिंता करते हैं। 24 घण्टे में 18 घंटे देशवासियों के लिए काम करते हैं। सीएम ने जनता से कहा कि आप सभी ने कांग्रेस की सरकार को भी देखा है। उसने 36 बड़े-बड़े वादे किये थे, लेकिन कोई भी वादा पूरा नहीं किया। छत्तीसगढ़ को अपराधगढ़, भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भ्रष्टाचार के लिए भगवान को भी नहीं छोड़ा। सभा में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री टंकराम वर्मा, लोकसभा प्रत्याशी कमलेश जांगड़े, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, विधायक खुशवंत साहेब, पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा, पूर्व विधायक खिलावन साहू, लोकसभा के सह प्रभारी गुरुपाल सिंह भल्ला आदि मौजूद रहे।