दिनदहाड़े दो घरों में चोरी : महिला डॉक्टर व शंकराचार्य कॉलेज के कर्मी के घर लाखों की चोरी… जांच में जुटी पुलिस


भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में शनिवार को दिन दहाड़े दो घरों में चोरी की वारदात सामने आई है। दोनों घरों में चोरी का पैटर्न एक जैसा है। दोपहर को चोरों ने इन घरों में सेंधमारी की और नगदी सहित लाखों के गहने पार कर दिए। एक चोरी प्रियदर्शिनी परिसर पूर्व में सातवीं वाहिनी भिलाई में कार्यरत एक महिला डॉक्टर के घर  पर हुई। वहीं दूसरी चोरी नेहरू नगर ईस्ट में श्री शंकराचार्य कॉलेज में काम करने वाले कर्मचारी के घर पर हुई। दोनों की चोरियों की शिकायत सुपेला थाने में दर्ज कराई गई है। फिलहाल पुलिस इसकी जांच में जुट गई है।

सुपेला पुलिस के अनुसार प्रियदर्शनी परिसर पूर्व सुपेला निवासी डॉ मंजूषा उमरेडकर (50) सातवीं वाहिनी भिलाई में डाक्टर के पद पर कार्यरत है। उनके पति गिरीश उमरेडकर बीएसपी अस्पताल सेक्टर-9 में डाक्टर हैं। उनका बेटा अक्षत उमरेडकर भी एमबीबीएस की पढाई चंदुलाल चंद्राकर मेडिकल कालेज में कर रहा है। शनिवार की सुबह 10 बजे डॉ मंजुषा अपने बेटे अक्षत को उसके कालेज छोडते हुए डयूटी चली गई। उयके पति भी डयूटी चले गए। इधर घर पर ताला लगा था।

घर में बिखरा पड़ा था सामान
दोपहर 2-00 बजे जब डॉ मंजूषा अपने बेटे को कालेज से लेते हुये घर आई और मेन गेट का दरवाजा खोलकर घर अंदर गई तो देखी की फ्रिज एवं बेडरूम का दरवाजा खुला हुआ है। पीछे की जाली वाला दरवाजा कटा हुआ था। पीछे का गेट भी खुला हुआ था। बेडरूम में देखने पर आलमारी का सामान बिखरा हुआ मिला। अंदर का लॉकर टूटा मिला। अलमारी से 40000 रुपए नगद, सोने का मंगलसूत्र, सोने का गले का नेकलेस, सोने का ब्रेसलेट, एक सोने की छोटी गले की चैन लाकेट लगा हुआ तथा उसी की मैचिंग कान की बाली व एक इयरिंग त्रिकोना डिजायन जिसमें डायमंड स्टोन लगा है। इसके अलावा एक सोने का फुल के डिजायन का लम्बा इयरिंग भी गायब मिला। चोर ने लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस मामले में शिकायत पर सुपेला पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।

नेहरू नगर ईस्ट में भी हुई चोरी
इसी प्रकार एक अन्य चोरी नेहरू नगर ईस्ट में संजय भाटिया के घर पर भी हुई है। संजय भाटिया शंकराचार्य इजिनियरिंग कालेज भिलाई में काम करता है और उसकी पत्नी ममता भाटिया पोस्ट आफिस मे एजेंट का काम करती है। शनिवार को सुबह करीबन 10-00 बजे संजय भाटिया डयूटी पर चला गया और उसकी पत्नी दोपहर 2 बजे घर पर ताला लगाकर पोस्ट आफिस मीटिंग में चली गई थी। शाम 4 बजे संजय भाटिया जब वापस लौटा तो देखा कि मेन गेट खुला हुआ था। जब घर अंदर जाकर देखा तो घर का सामान इधर उधर बिखरा पडा था तथा घर अंदर दोनो रूम कीआलमारी एवं लाकर का ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी से नगदी 20000 रुपए, सोने का मंगलसूत्र, सोने का लाकेट, एक जोडी चांदी की पायल आदि चोरी हो गया। इस मामले में सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। फिलहाल पुलिस दोनों ही मामलों की जांच कर रही है।