लोकसभा चुनाव : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की बस्तर व कांकेर में सभा, राहुल गांधी भी पहुंच रहे जगदलपुर


जगदलपुर। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में बस्तर में होने वाले मतदान से पहले दिग्गज नेताओं का दौरा लगा हुआ है। इसी कड़ी में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह 13 अप्रैल को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। वो बस्तर और कांकेर लोकसभा क्षेत्र में चुनावी सभा लेंगे। वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की चुनावी सभा भी 13 अप्रैल को हो रही है। वो जगदलपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करेंगे।

तय कार्यक्रम के अनुसार, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह दिल्ली से सुबह 10:30 बजे रवाना होंगे। दोपहर 12:30 बजे जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी विमानतल पहुंचेंगे। दोपहर 1:15 बजे बस्तर के भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप के लिए बरपुर रोड गीदम दंतेवाड़ा में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। दंतेवाड़ा में आयोजित सभा को संबोधित करने करने के बाद रक्षामंत्री कांकेर लोकसभा क्षेत्र के बालोद के सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित आमसभा में दोपहर 03:15 बजे कांकेर प्रत्याशी भोजराज नाग और छत्तीसगढ़  के सभी 11 लोकसभा क्षेत्र में भाजपा की जीत के लिए उत्साह का संचार करेंगे। सभा को संबोधित करने के बाद वो शाम 4:40 बजे राजधानी रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

इसी प्रकार कांग्रेस नेता राहुल गांधी दोपहार 12:30 बजे विशेष विमान से जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलीकाप्टर से बस्तर जायेंगे। दोपहर 1 बजे से 2 बजे जनसभा लेंगे। दोपहर 2 बजे सभास्थल से जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। दोपहर 2:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।