FRAUD : विधावा महिला से लाखों की ठगी, शातिर ने खुद को बताया पति का मित्र और खाते से पार कर दिए रुपए


सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में विधवा महिला से लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। शातिर ने महिला को बैंक कर्मी और उसके पति का पुराना मित्र होने की बात कही। इसके बाद महिला को आरडी खात खुलवाने दबाव डाला। महिला जब उसके झांसे में आ गई तो उसने उसके खाते से 8 लाख रुपए से ज्यादा का ट्रांजेक्शन कर दिया। जब इसकी जानकारी महिला को हुई तो उसने शातिर से पूछा तो उल्टे जान से मारने की धमकी देने लगा। इस मामले में महिला की शिकायत पर सक्ती पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

यह पूरा मामला सक्ती जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार विधवा महिला ने जैजैपुर थाने में 14 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चार मार्च को निलेश कुमार यादव घर आया और कहने लगा कि आपके पति से मेरी पुरानी पहचान है। मैं एचडीएफसी बैंक चांपा में काम करता था। वहीं आर डी खाता खोलने की बात कही और मोबाइल मांग कर मोबाइल का पासवार्ट एवं एचडीएफसी बैंक का खाता और कोड पूछने पर महिला ने बता दिया। इसके बाद निलेश कुमार यादव ने दूसरे के खाते में  महिला के खाते से 8 लाख 40 हजार 715 रुपये ट्रांसफर कर दिए। महिला की शिकायत पर जैजैपुर थाना में धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस इस मामले में निलेश कुमार यादव की तलाश कर रही थी। इस बीच उसे पता चला कि महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद वह विधवा महिला के घर पहुंचकर शिकायत वापस लेने दबाव बनाने लगा। उसने पैसे लौटाने से मना कर दिया और जान से मारने की धमकी भी देने लगा। पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो उसने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी निलेश यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।