CG Crime : सनकी पति ने कर दी पत्नी की बेरहमी से हत्या, चरित्र पर था संदेह… आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल


कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक सनकी शख्स ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। शख्स को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था और आए दिन इसे लेकर दोनों के बीच विवाद भी होता था। रविवार शाम को शराब के नशे में उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना कोरबा जिले के दीपिका थाने क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार फुलसाय (50) दीपिका की निजी कम्पनी में इलेक्ट्रीशियन के पद पर काम करता है। वह अपनी पत्नी ग्लोरिया बाई (48) व बच्चों के साथ पास की बस्ती में वह किराए के मकान में पिछले कई साल से रह रहा है। फूलसाय के 2 बेटे और 2 बेटियां हैं। 18 साल के अर्पित और आयुष और छोटी बहन साथ रहती है। वहीं बड़ी बहन बिलासपुर में काम करती है। रविवार को दोनों बेटे पास के मैदान में दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने चले गए। शाम 4 से 5 बजे के बीच फूलसाय शराब के नशे में घर पहुंचा।

इस दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और उसने कुदाल उठाया और अपनी पत्नी ग्लोरिया बाई पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। पत्नी ने जब चीख-पुकार मचाई तो वह भाग निकला। आसपास के लोग एकत्रित हुए और इसकी सूचना डायल 112 को दी। इसके बाद बच्चों को सूचना मिली तो वे भी पहुंचे तो उनकी मां का शव खून से लथपथ पड़ा था। इसके बाद आनन फानन में उसे दीपिका अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दीपिका थाना प्रभारी युवराज तिवारी भी अस्पताल पहुंचे। इसके बाद आरोपी की पति की तलाश शुरू की गई। जल्द ही आरोपी फूलसाय को राजीव नगर बस्ती से गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी ने कहा कोई पचतावा नहीं
आरोपी फूलसाय ने गिरफ्तारी के बाद पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसे कोई पचतावा नहीं है। फूलसाय ने कहा कि उसकी पत्नी कई मर्दों के साथ घूमती थी और इसके लिए उसने कई दफे मना भी किया। कभी उसकी पत्नी ने उसकी बात नहीं मानी। इस बात को लेकर दोनों में कई बार विवाद भी हुआ। रविवार को भी इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ और गुस्से में उसने कुदाली से वार कर दिया। आरोपी ने कहा कि मुझे कोई पश्चाताप नहीं है, पाप का अंत किया हूं। पुलिस ने आरोपी फूलसाय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।