Weather Update: भारी बारिश लेकर आए दो चक्रवाती तूफान


रायपुर ( न्यूज़)। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। मई की भीषण गर्मी के बीच लोगों को ठंडी हवाएं और बारिश राहत प्रदान कर रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4-5 दिनों तक मौसम सुहावना बना रहेगा। छत्तीसगढ़ के ऊपर दो चक्रवात सक्रिय हैं, इसके चलते मौसम में बदलाव आया है। इन चक्रवातों के चलते राज्य में कई इलाकों पर भारी बारिश भी होने की संभावना है। वहीं कई इलाकों में वज्रपात भी होगा।

मौसम विभाग ने जानकारी दी कि उत्तरी ओडिशा से होते हुए छत्तीसगढ़ और मप्र से दक्षिण राजस्थान तक एक सिस्टम बना हुआ है। इधर दूसरा सिस्टम विदर्भ से तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक से तमिलनाडु तक एक्टिव है। इन दो सिस्टम के एक्टिव होने से बुधवार, गुरुवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज आंधी, बारिश की संभावना है। हालांकि ज्यादातर इलाकों में गरम चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। छत्तीसगढ़ में मंगलवार को बारिश के चलते अधिकतम तापमान में गिरावट आई और गर्मी से राहत मिली। जगदलपुर में बारिश के चलते अधिकतम तापमान 15 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। रायपुर, दुर्ग समेत कई स्थानों में आज भी सुबह से बादल छाए रहे। प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ठंडी हवाएं चली।

अंबिकापुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 35.8 डिग्री दर्ज किया गया। पेंड्रा रोड का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 38.2 डिग्री दर्ज किया गया। दुर्ग का अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम 36.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम ऐसे ही रहेगा, उसके बाद ही मौसम का रुख बदलेगा। अधिकतम तापमान में गिरावट आने से मौसम में ठंडकता भी बढ़ेगी और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। रायपुर मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले 4-5 दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा। उड़ीसा और तेलंगाना में एक ट्रफ बना हुआ है, जिसकी वजह से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। रायपुर सहित प्रदेश के कई जगहों पर अंधड़ चलने के साथ ही गरज चमक के साथ बारिश भी हुई है। मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव जिले में 41.6 डिग्री दर्ज किया गया.

रायपुर मौसम केन्द्र के वैज्ञानिक संजय बैरागी के मुताबिक, एक द्रोणिका उत्तरी आंतरिक ओडिशा से छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश होते हुए दक्षिण पूर्व राजस्थान तक स्थित है। इसके साथ ही दूसरा द्रोणिका पूर्वी विदर्भ से तेलंगाना और कर्नाटक होते हुए उत्तरी तमिलनाडु तक स्थित है। इस सिस्टम के प्रभाव से अगले चार-पांच दिनों तक प्रदेश के एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश होने और 30-40 किमी की रफ्तार से अंधड़ चलने की संभावना है।