महादेव सट्टा एप में इन्वेस्ट कर डेढ़ गुना प्राफिट का दिया झांसा, रुपए न मिलने पर व्यापारी ने की खुदकुशी


रायपुर। छत्तीसगढ़ में महादेव एप के नाम पर लूट मची है। हर तरफ धोखाधड़ी का कारोबार चल रहा है। इसी तरह का एक और मामला सामने आया है। महादेव सट्टा एप संचालित करने के नाम पर आरोपी ने एक व्यापारी से 10 लाख रुपये लिया था। इसके बदले में युवक को उसे डेढ़ गुना पैसे वापस लौटाने का झांसा दिया गया। मामले में मोड़ तब आया जब युवक ने पैसे वापस मांगे तब उसे धमकी दी जाने लगी। इस तंग आकर व्यापारी संदीप बग्गा ने आत्महत्या कर ली। घटना सिविल लाइन थाने  क्षेत्र का है। मामले में मृतक का लिखा एक सुसाइड नोट मिला है।

FIR के मुताबिक रायपुर में मृतक संदीप बग्गा सेक्टर 2 शंकर नगर के रहने वाले थे। उन्होंने 9 मई को कीटनाशक पी लिया था। इसके बाद घर वालों ने उसे गंभीर हालत में रायपुरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां रविवार को उसकी मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि नीतेश मित्तल उर्फ गुप्ता को उसने 10 लाख रुपए उधार दिया था। नितेश महादेव सट्टा, लोटस बुक और रेड्डी ऐप का लंबा चौड़ा काम करता है। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो वह टाल-मटोल करने लगा।

इन पैसों को लेकर मृतक को अलग-अलग नंबरों से फोन आने लगे। उसे जान से मारने की धमकी मिलने लगी, जिससे कारोबारी संदीप बग्गा ने मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हो गया। उसने कीटनाशक जहर पी लिया। वहीं मामले को लेकर सिविल लाइन थाना प्रभारी रोहित मानेकर ने कहा कि जहर खाने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया है। फिलहाल सुसाइड नोट के आधार पर FIR दर्ज की गई है। अब पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है।