Cyber Fraud : 200 रुपए भेजकर साढ़े 8 लाख ऐंठे, प्रॉफिट के नाम पर महिला को फंसाया


रायपुर। राजधानी रायपुर की एक महिला पार्ट टाइम जॉब व प्रॉफिट के लालच में ठगी का शिकार हो गई। शातिर ठक ने 200 रुपए भेजकर महिला से 8.50  लाख रुपए ऐंठ लिए। महिला ने जब अपने रुपए मांगे तो शातिर ने इसके लिए भी 30 फीसदी टैक्स जमा करने कहा। अंतत: महिला पुलिस के पास पहुंची। इस मामले में महिला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।

इस मामले में पिंकी साहू नाम की महिला ने शिकायत दर्ज कराई। महलिा ने पुलिस को बताया 5 मई को अंजान कॉलर ने कॉल कर पार्ट टाइम जॉब को झांसा दिया। उसने एक लिंक भेजा और टास्क पूरा होने पर पैसे मिलने की बात कही। महिला झांसे में आ गई और टास्क पूरा कर दिया। इसके बाद उसके फोन पे पर 200 रुपए क्रेडिट हो गए। इसके बाद महिला और प्रॉफिट का झांसा देकर इन्वेस्ट कराया गया। महिला ठग में झांसे में आकर तीन दिनों में अलग अलग खातों में रुपए ट्रांसफर करती गई।

तीन दिन में महिला ने कुल 14 किश्तों में 8.50 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। रकम जमा करने के बाद भी महिलाा को प्रॉफिट की रकम नहीं मिल रही थी। तब महिला ने अपने रुपए बैंक अकाउंट में वापस मांगे। तो ठग ने पैसे अकाउंट में वापस लेने के लिए अब 30 प्रतिशत टैक्स का भुगतान करने कहा। इसके लिए उसने और पैसों की मांग की। इसके बाद महिला को धोखाधड़ी होने का अहसास हुआ और थाने पहुंच गई। टिकरा पारा पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी ठग की तलाश शुरू कर दी है।