Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
रायपुर। राजधानी रायपुर के एक जिम में वर्कआउट करते समय 17 साल के लड़के की मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह की है। भनपुरी स्थित थर्ड स्पेस जिम में लड़का ट्रेड मिल पर दौड़ रहा था कि अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। जिम में मौजूद अन्य लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक उसकी जान चली गई। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। डॉक्टरों ने हार्टअटैक को मौत की वजह बताया है।
मिली जानकारी के अनुसार धन लक्ष्मी नगर निवासी सत्यम राहंगडाले (17) भनपुरी के जिम में रोज आता था। पुलिस ने बताया कि जिम में वर्क आउट करने वाले लोगों ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 7.45 बजे सत्यम अपने भाई के साथ आया। जिम पहुंचने के बाद सत्यम ने ट्रेडमिल पर वर्क-आउट की। इसके बाद वह नीचे उतरा और कुछ देर में नीचे गिर गया। तब जिम में एक्सरसाइज कर रहे एक दर्जन लोग दौड़कर आए। सत्यम पसीने से लथपथ था। उसे उठाकर पंखे के नीचे ले गए। उसके सिर और चेहरे पर ठंडा पानी छिड़कने लगे। पानी पिलाने की कोशिश की। तब उसके हाथ-पैर कांप रहे थे।
इसके बाद सत्यम को बाइक पर बिठाकर अस्पताल ले जाने के लिए निकले। इस दौरान सत्यम के मौसेरे भाई के कहने पर सत्यम के घर धनलक्ष्मी नगर पहुंचे। घर पर सत्यम की मां और छोटा भाई था। वे दोनों सत्यम की हालत देखकर दौड़कर आए। तुरंत सत्यम को कार में बैठाया देवेंद्र नगर स्थित अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच के बाद सत्यम को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सत्यम बिना ट्रेनर की मदद के जिम में वर्कआउट करता था।