Breaking News : शालीमार एक्सप्रेस हादसे का शिकार, रायपुर के उरकुरा के पास AC कोच पर गिरा खंबा… यात्री का हाथ कटा, कई घायल


रायपुर। राजधानी रायपुर के उरकुरा स्टेशन के पास रविवार की सुबह शालीमार-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई। उरकुरा स्टेशन से गुजरते समय एक्सप्रेस के एसी कोच पर खंबा गिर गया जिससे कोच का कांच टूट गया। इससे एक यात्री का हाथ कट गया और कुछ यात्रियों को चोटें आई हैं। रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद यात्रियों को फस्ट एड दिया गया। वहीं घायल यात्री को अस्पताल पहुंचाया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना रविवार सुबह की है। शालीमार लोकमान्य तिलक ट्रेन के B6 कोच में उरकुरा स्टेशन से गुजरने के दौरान खंभा गिरा जिसके कारण AC कोच की खिड़ी टूटी। खिड़की के पास बैठे 2 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनमें से एक यात्री का हाथ कट गया है। हादसे के बाद लगभग एक घंटे से भी ज्यादा समय तक रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को रोका गया। खंबा हटाने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं शेष यात्रियों को फस्ट ऐड दिया गया। हादसे की सूचना मिलने पर रायपुर मंडल प्रबंधक संजीव कुमार सहित अन्य अफसर मौके पर पहुंचे। फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है।

अचानक खंबा गिरने से सकते में आए यात्री
शालीमार एक्सप्रेस के ऐसी कोच पर अचानक खंबा गिरने से यात्री सकते में आ गए। सुबह का समय होने के कारण यात्री अपने बर्थ पर सो रहे थे। खंबा गिरते ही कांच टूटा और तेजी से यात्रियों को लगा। खिड़की के पास बैठे यात्री को ज्यादा चोट आई। ट्रेन को रायपुर स्टेशन लाने के बाद टूटी हुई खिड़कियों में कार्टून के टूकड़े काटकर लगाए गए। इसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया।

रायपुर में डेढ़ घंटे से ज्यादा खड़ी रही ट्रेन
शालीमार कुर्ला एक्सप्रेस लगभग तीन घंटे की देरी से चल रही थी। उरकुरा में खंबा गिरने के बाद रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचते तक लगभग 4 घंटे की देरी हो गई। शालीमार एक्सप्रेस का रायपुर पहुंचने का सही समय सुबह 6:25 बजे का है और हादसे के कारण 10:18 बजे पहुंची। इसके बाद ट्रेन रायपुर रेलवे स्टेशन में एक घंटा 42 मिनट तक रोकने के बाद 11:50 बजे रवाना किया गया। इस बीच ऐसी कोच की टूटी खिड़कियों में खड्‌डा लगाया गया ताकि उस हिस्सों को ढका जा सके। रायपुर से निकलने के बाद दुर्ग पहुंचते तक ट्रेन लगभग पांच घंटे लेट हो गई है।

रेलवे ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार अन्य अफसरों के साथ स्टेशन पहुंचे। उन्होंने घायल यात्रियों को इलाज मुहैय्या कराने का निर्देश दिया। डीआरएम ने कहा कि हादसे का कारण स्पष्ट नहीं है जांच के बाद स्पष्ट होगा। रेल मंडल रायपुर में जनसंपर्क अधिकारी शिव प्रसाद ने कहा है कि हादसे में 3 लोगों को ज्यादा चोटें आई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी लोग खतरे से बाहर हैं। रेलवे टीम हादसे को लेकर जांच कर रही है।