Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम राष्ट्रपति भवन पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। सरकार गठन का न्यौता मिलने के बाद राष्ट्रपति भवन के बाहर पीएम मोदी ने मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 18वीं लोकसभा एक प्रकार से नई ऊर्जा, युवा ऊर्जा और कुछ कर गुजरने की इरादे वाली लोकसभा है। आजादी के अमृत महोत्सव के बाद यह पहला चुनाव है।
पीएम मोदी ने कहा कि 2047 में जब देश आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा, उस संकल्प को पूरा करने के लिए हमारे पास स्वर्णिम अवसर है। उन्होंने कहा कि देशवासियों ने एनडीए को एक बार फिर सेवा का मौका दिया है, इसके लिए वे जनता का आभार प्रकट करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि जिस गति से देश आगे बढ़ा है, समाज के हर क्षेत्र में परिवर्तन साफ नजर आ रहा है। 25 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर आना हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि 18वीं लोकसभा में भी उसी गति और समर्पण भाव से देश की आशा-आकांक्षा को पूर्ण करने में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे। पीएम मोदी ने आगे कहा कि एनडीए की बैठक में सभी घटक दलों ने मुझे नेता चुना है। सभी दलों ने राष्ट्रपति को समर्थन के बारे में जानकारी दी। राष्ट्रपति ने मुझे न्योता दिया। नौ जून की शाम में शपथ के बारे में सूचित कर दिया है। शपथ ग्रहण का विस्तृत कार्यक्रम राष्ट्रपति भवन से जारी किया जाएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि बीते 10 वर्षों के कार्यकाल में भारत, दुनिया के लिए विश्वबंधु बनकर उभरा है। इसका सबसे ज्यादा फायदा अब मिलना शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा, ‘मुझे विश्वास है कि आने वाले 5 साल वैश्विक माहौल में भी भारत के लिए बहुत उपयोगी होने वाले हैं। दुनिया अनेक संकटों, अनेक तनावों, आपदाओं से गुजर रही है…हम भारतीय सौभाग्यशाली हैं कि इतने बड़े संकटों के बावजूद भी, आज हम दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था के रूप में जाने जाते हैं। विकास के लिए दुनिया में हमारी तारीफ भी हो रही है।’
एनडीए को इस बार 293 सीटों के साथ बहुमत मिला है। एक बार फिर से देश में उसकी सरकार बन सकती है। नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस की संसदीय दल की बैठक सेंट्रल हॉल में पूरी हुई। यहां मोदी को एनडीए के संसदीय दल का नेता चुना गया।