Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124

सुकमा। सुकमा और बीजापुर बॉर्डर पर रविवार को नक्सलियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सिलगेर और टेकलगुडम के बीच नक्सलियों ने CRPF जवानों के ट्रक को IED ब्लास्ट कर उड़ा दिया। इस ब्लास्ट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कोबरा बटालियन के दो जवान शहीद हो गए।
जानकारी के अनुसार, जगरगुंडा क्षेत्र स्थित सिलगेर कैंप से 201 कोबरा वाहिनी के जवानों का मूवमेंट ROP (रोड ओपनिंग ड्यूटी) के दौरान ट्रक और बाइक से टेकलगुडेम की ओर था। वहां रास्ते में नक्सलियों ने IED प्लांट कर रखा था। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 3 बजे जैसे ही जवानों से भरा ट्रक वहां से निकला, IED की चपेट में आ गया।
ब्लास्ट के चलते ट्रक का चालक जवान विष्णु आर और सह चालक जवान शैलेंद्र शहीद हो गए। बाकी जवान सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये जवान राशन लेकर जवान कैंप जा रहे थे। टेकलगुडम और इससे आगे का पूवर्ती इलाका नक्सली कमांडर हिड़मा और देवा का गढ़ है। कुछ ही महीने पहले यहां सुरक्षाबलों का कैंप स्थापित किया गया है।
सुकमा जिले के टेकलगुड़ेम में हुए नक्सली हमले में 2 जवानों की शहादत पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि, नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में 2 कोबरा जवानों के निधन की दुःखद खबर आ रही है। ईश्वर से दिवंगत जवानों की आत्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
CM ने कहा कि, बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी, नक्सलवाद के खात्मे तक हम चुप नहीं बैठेंगे।