हेमंत फिर बनेंगे झारखंड के सीएम, आज ही मुख्यमंत्री चंपाई राज्यपाल को सौंपेंगे इस्तीफा


रांची। हेमंत सोरेन फिर झारखंड के सीएम होंगे। आज ही मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके साथ ही हेमंत सोरेन शपथ ग्रहण के लिए राज्यपाल से समय मांगेंगे। राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन अभी चेन्नई में हैं। वे आज शाम 7 बजे तक रांची लौट सकते हैं।

इससे पहले रांची में सीएम हाउस में विधायक दल की बैठक हुई। इसमें ये फैसला लिया गया कि हेमंत सोरेन फिर से मुख्यमंत्री पद संभालेंगे। वहीं चंपाई सोरेन जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष होंगे। सभी विधायकों सीएम आवास में ही रहने को कहा गया है। हालांकि, अभी भी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पूर्व सीएम हेमंत सोरेन 5 दिन पहले जेल से रिहा हुए हैं। उनकी रिहाई के साथ ही झारखंड की राजनीति गरमा गई है। सीएम आवास पर आज इंडिया ब्लॉक की बैठक हुई। बैठक में जेएमएम-कांग्रेस और राजद के विधायक और मंत्री शामिल हुए।

मंगलवार से ही सीएम चंपाई सोरेन के कई कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। इसके बाद झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन उनके मोरहाबादी स्थित आवास पर मिलने गए। सूत्रों के मुताबिक दोनों के बीच लगभग आधे घंटे से अधिक समय तक बातचीत हुई है। इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भी सीएम चंपाई सोरेन से मुलाकात की है।