Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124

पर्थ। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ टेस्ट से पहले भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल चोटिल हो गए हैं। शुक्रवार को प्रैक्टिस मैच के दौरान राहुल की कोहनी में प्रसिद्ध कृष्णा की बॉल लगी और वे स्कैन के लिए मैदान से बाहर चले गए। इस बीच, ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने दावा किया है कि कोहली ने भी एक अज्ञात चोट के लिए स्कैन कराया है।
राहुल-कोहली की इंजरी की खबरों ने भारतीय टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि 32 साल के राहुल भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के पहला टेस्ट नहीं खेलने पर ओपनिंग के ऑप्शन थे, जबकि विराट कोहली ने विदेशी पिचों पर सबसे ज्यादा रन ऑस्ट्रेलिया में ही बनाए हैं। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत 22 नवंबर से पर्थ में पहले टेस्ट के साथ करेगी। वहां भारतीय टीम को 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भारतीय टीम के लिए अहम है।
न्यूज एजेंसी PTI ने BCCI सूत्रों के हवाले बताया, ‘राहुल के बारे में यह अभी हुआ है, इसलिए (उनकी कोहनी की चोट) आकलन करने में कुछ समय लगेगा। राहुल टेस्ट में वापसी की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरु मैच के बाद उन्हें प्लेइंग इलेवन में नहीं चुना गया था।’ बेंगलुरु के इस खिलाड़ी ने अपना आखिरी टेस्ट शतक दिसंबर 2023 में सेंचुरियन में साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगाया था और तब से उन्होंने नौ पारियों में सिर्फ 2 अर्द्धशतक बनाए हैं।
ऑस्ट्रेलियाई अखबार सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड ने दावा किया है कि स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने गुरुवार को एक अज्ञात चोट के लिए स्कैन करवाया। हालांकि, उन्हें प्रैक्टिस मैच में खेलने से नहीं रोका गया और उन्होंने आउट होने से पहले 15 रन बनाए। इस पर एक सूत्र ने PTI को बताया, ‘विराट कोहली के साथ अभी कोई चिंता नहीं है।’ वे बड़े रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उनका आखिरी टेस्ट शतक जुलाई 2023 में पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ था। तब से, 36 वर्षीय खिलाड़ी ने 14 टेस्ट पारियों में सिर्फ दो अर्द्धशतक बनाए हैं। पिछली 60 पारियों में, कोहली ने सिर्फ दो शतकों के साथ 31.68 का औसत बनाया है। 2024 में उनका औसत छह टेस्ट में सिर्फ 22.72 है।