एयर इंडिया फ्लाइट में अमेरिकी यात्री ने सिगरेट पी, टीम ने हांथ-पैर बांधकर बैठा दिया


नई दिल्ली। एयर इंडिया के विमान में एक यात्री को सिगरेट पीते पकड़ा गया। घटना 11 मार्च की है। पुलिस के मुताबिक, लंदन से मुंबई आ रही फ्लाइट में एक अमेरिकी यात्री टॉयलेट में सिगरेट पी रहा था।

क्रू मेंबर्स ने जब उसे रोका तो वह उन पर चिल्लाने लगा। फ्लाइट का दरवाजा खोलने की भी कोशिश की। इसके बाद क्रू मेंबर्स ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसे बिठा दिया।

इंडो-अमेरिकन है आरोपी, गिरफ्तारी हो सकती है

मुंबई में फ्लाइट लैंड होने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने 37 साल के रमाकांत पर केस दर्ज कर लिया। एक ऑफिसर ने कहा- यात्री भारतवंशी है, लेकिन उसके पास अमेरिकन सिटिजनशिप है। नियमों के मुताबिक, विमान में स्मोकिंग करने वाले को अरेस्ट किया जा सकता है। फिलहाल रमाकांत के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।

फायर अलार्म बजने पर पहुंचे थे क्रू मेंबर्स

एक क्रू मेंबर ने कहा- फ्लाइट में स्मोकिंग की इजाजत नहीं है। बावजूद इसके एक यात्री टॉयलेट गया और वहां सिगरेट पीने लगा। फायर अलार्म की आवाज सुनते ही हम फौरन टॉयलेट के पास पहुंचे। हमने रमाकांत के हाथ में सिगरेट देखी। इसके बाद वो हम पर चिल्लाने लगा। हमने उसने वापस सीट पर जाकर बैठने के लिए कहा। वो नहीं माने उन्होंने फ्लाइट में मौजूद यात्रियों से भी बहस की।

क्रू मेंबर ने कहा- रमाकांत ने फ्लाइट का दरवाजा भी खोलने की कोशिश की। हमने उनके हाथ-पैर बांधे और उन्हें सीट पर बैठाया। इसके बाद वो अपना सिर पीटने लगा। फ्लाइट में मौजूद यात्री पेशे से डॉक्टर था, हमने उनकी मदद ली। उन्होंने रमाकांत को चेक किया। इसके बाद रमाकांत ने कहा कि उसके पास कुछ दवाइयां हैं। उनका बैग चेक करने पर हमें दवाएं तो नहीं बल्कि ई-सिगरेट मिली।

नशा किया था या नहीं, मेडिकल जांच में पता चलेगा
पुलिस ने बताया कि यात्री की मेडिकल जांच होगी। एक अधिकारी ने कहा- फिलहाल यात्री के सैंपल मेडिकल टेस्ट के लिए भेजे गए हैं। इससे उनकी दिमागी हालत का पता सकेगा। साथ ही ये भी पता लगाया जा सकता है कि उन्होंने किसी तरह का नशा किया था या नहीं।