Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के बेरला थाना क्षेत्र के तहत ग्राम बोरसी पिरदा में सप्ताह भर पहले हुए बारूद फैक्ट्री ब्लास्ट के बाद प्रभावित परिवार मुआवजे के लिए डटे हुए हैं। पिछले चार दिनों से यहां उचित मुआवजे की मांग के लिए धरना दिया जा रहा है। इस हादसे में एक की मौत हो गई और आठ मजदूर लापता हैं जिनका कुछ पता नहीं चल पाया है। इसबीच शुक्रवार को स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड कंपनी ने बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने एक मृतक व 8 लापता लोगों के परिजनों को 35-35 लाख रुपए देने का ऐलान किया है।
बता दें बीते 25 मई शनिवार की सुबह 7.50 बजे स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड कंपनी के फैक्टरी में ब्लास्ट हो गया था। घटना में एक की मौत, सात घायल और आठ लोग लापता हैं। कंपनी के बाहर ग्रामीण व परिजनों का धरना प्रदर्शन कर रहे थे। इन लोगों की मांग है कि मृतक व लापता लोगों के परिजनों को 50-50 लाख रुपए मुआवजा दिया जाए। शाम के समय कंपनी के पदाधिकारी व ग्रामीणों के बीच चर्चा हुई।
जानकारी के अनुसार अब कंपनी की ओर से एक मृतक व 8 लापता हुए लोगों के परिवार को 35-35 लाख रुपए दिया जाएगा। इसके अलावा घायलों का कंपनी की ओर से उपचार कराया जाएगा। साथ ही उन्हे 50-50 हजार रुपए भी दिए जाएंगे। कंपनी के ऐलान के बाद वर्तमान में कंपनी की ओर से प्रति व्यक्ति 35 लाख रुपए व राज्य सरकार की ओर से 5 लाख रुपए मिलेंगे। यानि एक व्यक्ति को 40 लाख रुपए मिलेंगे। मुआवजे ऐलान व चर्चा के बाद ग्रामीणों व परिजनों ने प्रदर्शन खत्म कर दिया है।
पुलिस व परिजनों को है डीएनए रिपोर्ट का इंतजार
हादसे के बाद लापता श्रमिकों को मलबे में खोजने की कोशिश की गई। लेकिन, मलबे से मानव अंग और उनके मांस के लोथड़े पॉलिथीन में इकट्ठा कर बेमेतरा प्रशासन ने रायपुर मेडिकल कॉलेज में डीएनए के लिए भेजा है। अब पुलिस व परिजनों को डीएनए रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे कि वे अंतिम संस्कार कर सकें। हालांकि, ग्राम बोरसी में एक परिवार ने लापता हुए व्यक्ति का कुश बनाकर बीते सोमवार को अंतिम संस्कार कर दिया है।