Bhilai Breaking : सेंट्रल एवेन्यू में कार की टक्कर से स्कूटी सवार दो महिला आरक्षक घायल… हालत गंभीर


भिलाई। सेक्टर-1 के पास सेंट्रल एवेन्यू में गुरुवार देर रात सीआईएसएफ की दो महिला आरक्षक हादसे का शिकार हो गई। हॉस्टल लौट रही दोनों महिला आरक्षकों को सामने से एक कार सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से स्कूटी सवार दोनों दूर जा गिरे। गंभीर हालत में दोनों को सेक्टर-9 बीएसपी मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार हादस गुरुवार रात लगभग 10 बजे के आसपास की है। सीआईएसएफ की महिला आरक्षक भाग्यश्री और कशक जायसवाल मार्केट से अपनी स्कूटी पर सेक्टर-1 स्थित लेडिस हॉस्टल जा रही थी। इस  दौरान ओवरटेक के चक्कर में कार क्रमांक सीजी 04 एलजी 7890 के चालक ने उन्हें साइड से जोरदार टक्कर मार दी। इससे महिला आरक्षकों की स्कूटी सड़क किनारे लगे लोहे के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों महिला आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसे के बाद आसपास काफी भीड़ जमा हो गई। घायल दोनों महिला आरक्षकों को तत्काल सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया। इधर स्कूटी को टक्कर मारने के बाद कार भी डिवाइडर के रेलिंग से टकरा गई। सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर भिलाई भट्ठी पुलिस पहुंची। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है। वहीं हादसे के बाद देर रात घटना स्थल पर गहमा गहमी का माहौल रहा। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।