Bhilai : नौकरी का झांसा देकर युवाओं से लाखों की ठगी, पुलिस की गिरफ्त में आया शातिर बदमाश


भिलाई। शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले शातिर बदमाश को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 15 से 20 युवाओं को अपना शिकार बनाया और लगभग 71 लाख रुपए की ठगी की थी। इस मामले में पुलिस में शिकायत के बाद लगातार आरोपी की तलाश की जा रही थी। इस बीच मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी अर्जुन मानिकपुरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

सुपेला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी तिवेन्द्र कुमार सिन्हा निवासी ग्राम रावा तहसील तरसीवा धतमरी अर्जुनी ने अपने अन्य पीड़ित साथियो के साथ थाना सुपेला पहुंचकर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में उसने बताया कि सुपेला निवासी अर्जुन मानिकपुरी अपने अन्य साथियो के साथ मिलकर मंत्रालय एवं अन्य विभागो में नौकरी लगाने के नाम से पैसे लिए। उसके अलावा 15 से 20 अन्य युवाओं से उसने रुपए लिए लेकिन नौकरी किसी की भी नहीं लगी। इस मामले में सुपेला पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

इधर अपराध दर्ज होने की सूचना मिलने के बाद आरोपी अर्जुन मानिकपुरी फरार हो गया। सुपेला पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर लगा रखे थे। इस बीच अर्जुन मानिकपुरी अपने घर परिवार के लोगों से मिलने पहुंचा और इसकी भनक पुलिस को लग गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर अर्जुन मानिकपुरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपने अन्य साथियों के साथ प्रार्थी तिवेन्द्र कुमार सिन्हा से 7,10,000 रुपए व अन्य 15-20 युवकों से करीबन 71 लाख रुपए की ठगी की। आरोपी के खिलाफ सुपेला पुलिस द्वारा 420, 467, 468, 471, 120बी  के तहत कार्रवाई की गई। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक राजेश मिश्रा, उप निरीक्षक अमित अंदानी, प्रधान आरक्षक उपेन्द्र सिंह, आरक्षक विकास तिवारी, विवेक सिंह, फराज खान, महात्मा साहू आदि का विशेष योगदान रहा।