Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शुक्रवार की शाम को बड़ा हादसा हो गया। यहां नेशनल हाइवे नंबर 49 पर तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिल आमने-सामने से टकरा गए। हादसा इतना भयानक था कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए। दूर तक मोटरसाइकिल के कलपुर्जे बिखरे नजर आए। हादसे में 5 साल की मासूम सहित कुल तीन लोगों की मौत हो गई। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पीएम के लिए भेजा। वहीं हादसे में घायल तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह मामला रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार नेशनल हाइवे नंबर 49 ओडिशा मार्ग पर ग्राम मिडमिडा के पास शुक्रवार की शाम लगभग 7 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाइवे रायगढ़-ओडिसा मार्ग में टोल प्लाजा से एक किलोमीटर पहले ग्राम मिडमिडा के पास दो बाइकों में टक्कर हो गई। हादसे में घटनास्थल पर ही एक मासूम के अलावा दो अन्य लोगों की मौत हो गई। तीन लोगो को गंभीर चोट आई है।
अचानक घटी इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जिससे कुछ देर तक इस मार्ग में वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप्प हो गया था और भीड़ के कारण चक्काजाम की स्थिति निर्मित होने लगी। राहगीरों ने बताया कि भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि आवाज दूर तक सुनाई दी। वहीं घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में सड़क पर खून फैल गया। राहगीरों ने इसकी सूचना नजदीकी थाने में दी।
हादसे के कारण लगा जाम, पुलिस ने कराया खाली
जूटमिल थाना पुलिस टीम को जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली वे तत्काल मौके पर पहुंचे। हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया था। इसी बीच सीएसपी अभिनव उपाध्याय व तीनों थानों के थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल पर लोगों की भीड को खाली कराते हुए मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा। साथ ही घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें इलाज के लिए अपेक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
हादसे में सुखदेव फोबिया (27) निवासी गढ़उमारिया, पांच वर्ष की बच्ची कुहू सिदार निवासी गढउमारिया और एक अन्य ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुखदेव फोबिया की पत्नी रीमा फोबिया (26), खेमराज साव (14) और रॉकी उर्फ हरिकृष्ण पटेल निवासी कोतरलिया गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि मृतकों में एक कुहू सिदार एक अन्य मृतक सुखदेव फोबिया के साढू़ की बेटी थी, जो मेला देखने उन्हीं के साथ उनके ही बाइक पर वहां पहुंची थी।