Big Breaking : बेमेतरा में बारूद की फैक्ट्री में ब्लास्ट, _x0090_मलबे में दबे 10 से 12 लोग… अब तक एक की मौत


बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा से बड़ी खबर सामने आ रही है। शनिवार सुबह जिले में स्थित एक बारूद की फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। हादसे में अब तक 12 से ज्यादा लोगों की मौत होने की खबर है। वहीं कई घायल भी हैं। ब्लास्ट के बाद जो मलबा गिरा उसमें मजदूरों के दबे होने की बात कही जा रही है। हादसे की सूचना के बाद SDM समेत प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल मौके पर प्रशासनिक अमला तैनात है। जिला कलेक्टर ने कहा है कि मलबा हटने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

मिली जानकारी के घटना बेमेतरा जिले के बेरला ब्लॉक के ग्राम बोरसी स्थित स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड बारूद फैक्ट्री की है। फैक्ट्री में आज सुबह 6 से 7 बजे के बीच अचानक ब्लास्ट हो गया जिससे गांव में हड़कंप मच गया है। हादसे के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। ब्लास्ट के बाद फैक्ट्री के आसपास लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई है। ब्लास्ट में 10-12 लोगों के मारे जाने की बात कही जा रही है। खबर लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से एक मौत की पुष्टि की गई है। मरने वाले का नाम सेवक राम साहू (50) है। वहीं घायलों में रवि कुमार कुर्रे (26), नीरज यादव (25), चंदन कुमार (27), मनोहर यादव (26), इंद्रकुमार रघुवंशी (26), दिलीप ध्रुव(47) घायल हुए हैं। इनका इलाज रायपुर में चल रहा है।

ब्लास्ट में घायल लोग

हादसे से ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों को कहना है कि बारूद फैक्ट्री आए दिन ब्लास्ट होता रहता है। धमाके आवाजों से हमेशा गांव के लोग दहशत में रहते हैं। शनिवार को बड़ा धमाका हो गया। धमाके के कारण आसपास काफी दहशत है। मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम ग्रामीणों को समझाइश दे रही है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्‍त बारूद फैक्ट्री में करीब 100 लोग काम कर रहे थे। जिनमें से कई लोग घायल हैं। कुछ घायलों को रायपुर के मेकाहरा व एम्स में भर्ती कराया गया है।

फैक्ट्री से कुछ दूरी पर ग्रामीणों की भीड़

दुर्ग और रायपुर से पहुंची रेस्क्यू टीम
हादसे की सूचना के बाद दुर्ग व रायपुर से दमकल वाहन और SDRF की रेस्क्यू टीम को घटना स्थाल पर रवाना किया गया। जिस फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ है उसका मालिक संजय चौधरी का बताया जा रहा है जो कि एमपी का रहने वाला है। जब ब्लास्ट हुआ तो इसी भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसकी आवाज लगभग पांच किमी के दायरे तक सुनाई दी। ब्लास्ट में घायल 6 लोगों को  राजधानी रायपुर में भर्ती कराया गया है मलबे में और भी लोगों के दबे होने की आशंका व्यक्त की गई है। ब्लास्ट का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। वहीं ब्लास्ट में कितने लोगों की जान गई इसकी सही जानकारी प्रशासन द्वारा नहीं दी गई है।

डिप्टी सीएम ने विजय शर्मा कहा- बचाव कार्य और जांच जारी है
फैक्ट्री में ब्लास्ट को लेकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि पुलिस अधीक्षक से बात कर घटना की जानकारी ली जा रही है। प्रशासन और पुलिस घटना स्थल पर है। मृतकों की संख्या पर कहा कि, ईश्वर से प्रार्थना है कम से कम जनहानि हो। फिलहाल बचाव कार्य और जांच जारी है। बचाव कार्य होने के बाद ही स्थिति क्लियर हो पाएगी।

मलबा हटने के बाद स्थिति होगी साफ
बेमेतरा जिले के कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि, 6 लोग घायल हुए थे उनका इलाज चल रहा है। जितने कर्मचारी काम कर रहे थे उनको निकालने का काम पूरा हो गया है। जो ग्रामीण प्रदर्शन कर रहे थे उन्हें भी समाझाइश दी गई है। प्रशासन की टीम के साथ मेडिकल टीम भी मौजूद है। अभी मलबा हटने के बाद बाकी स्थिति 3-4 घंटे में पूरी स्थिति साफ हो पाएगी। कलेक्टर ने कहा कि, एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। मलबा हटाने का काम शुरू हो रहा है। घटना का कारण अभी नहीं पता चल पाया है यह जांच का विषय है। विस्फोटक फैक्ट्री थी केमिकल्स यहां थे ही, लेकिन किन कारणों से ब्लास्ट हुआ यह बताना अभी मुश्किल होगा। फैक्ट्री के संचालकों से भी हम बातचीत कर रहे हैं श्रमिकों की जानकारी ली जा रही है।

भूपेश बघेल ने किया ट्वीट
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने बेमेतरा में बारूद फैक्ट्री में ब्लास्ट पर ट्वीट किया है। एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि बेमेतरा में बारूद फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट से 10-12 श्रमिकों के असामयिक निधन का दु:खद समाचार मिला। ईश्वर से मृतात्माओं को सद्गति देने एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। सूचना है कि 3 घंटे तक बचाव दल नहीं पहुँचा है। शासन, प्रशासन बचाव कार्य सुनिश्चित करे एवं पीड़ितों को उचित मुआवज़ा दे।

खबर अपडेट हो रही है…………