लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा संगठन में बड़ा बदलाव, 8 पदाधिकारी व 12 कार्यसमिति सदस्यों की हुई नियुक्ति


भिलाई। भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। इसे देखते हुए प्रदेश भाजपा ने संगठन में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने संगठन में 8 प्रदेश पदाधिकारियों के साथ 12 कार्यसमिति सदस्यों की नियुक्ति की है। छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव को सहित चार को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। वहीं भिलाई जिला भाजपा के अध्यक्ष रहे बृजेश बिचपुरिया सहित 12 लोगों को प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए संगठन में इसे बड़ा बदलावा माना जा रहा है।

इस संबंध में जारी प्रदेश महामंत्री व मुख्यालय प्रभारी केदार कश्यप द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है। संजय श्रीवास्तव के अलावा रामजी भारती, जगदीश (रामू) रोहरा, भरत लाला वर्मा को प्रदेश महामंत्री तथा विकास रंजन महतो को प्रदेश मंत्री की कमान सौंपी गई है। इसी प्रकार राजा पांडेय को सरगुजा प्रभारी, अनुराग सिंहदेव को बिलासपुर प्रभारी, रजनीश सिंह को बस्तर प्रभारी बनाए गए हैं। इसके अलावा कई नए चेहरे को भी मौका दिया गया है। इसके साथ ही ब्रजेश बिचपुरिया, कृष्णकांत पवार, राशि पवार, प्रभा दुबे, संजू नारायण, गुरु बालदास साहेब, राजीव पांडेय, आरपीएस त्यागी, डॉ. राधेश्याम बारले, एसडी बड़गैयां, ओमप्रकाश देवांगन और राहुल टिकरिहा को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नियुक्त किया गया है।