CG Breaking : आरक्षक ने खुद को मारी गोली, गंभीर रूप से घायल… पिता भी है पुलिस कर्मी


रायगढ़। छत्तीसगढ़ पुलिस में आरक्षक पद पर कार्यरत युवक ने खुद को गोली मार ली। आरक्षक को गोली सीने के ऊपर लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आरक्षक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत को देखते हुए आरक्षक को अपोलो अस्पताल रेफर किया गया है। मामला रायगढ़ के पुलिस लाइन का है।

मिली जानकारी के अनुसार इंदिरा नगर रिया पारा का रहने वाला सन्नी मालाकार पुलिस लाइन में आरक्षक के पद पर पदस्थ है। आरक्षक के पिता भी पुलिस कर्मी हैं और वे एसपी कार्यालय में पदस्त हैं। रविवार की सुबह आरक्षक सन्नी ने अपने घर पर इंसास राइफल से अपने ही ऊपर गोली चला ली। घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

आरक्षक को सीने के ऊपर गोली लगी और इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल आरक्षक का इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरक्षक ने पारिवारिक विवाद के कारण यह कदम उठाया है। पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है।