CG Crime : पुलिस कस्टडी से फरार रेप का आरोपी गिरफ्तार, संबलपुर में छिपा था बदमाश


जशपुर। पुलिस कस्टडी से फरार रेप के आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है। आरोपी को पुलिस ने पहले कोरबा से गिरफ्तार किया था। इसके बाद मौका पाकर वह पुलिस की हिरासत से भाग गया। इसके बाद पुलिस लगातार उसका पता लगा रही थी। इस बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अरोपी संबलपुर ओड़िशा में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस की टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ धारा 363, 366(क), 376(2), 376(2)(N) भा.द.वि. एवं 4, 6 पॉस्को एक्ट के साथ धारा 224 के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया।

बता दें प्रार्थी ने एक दिसबंर 2023 को थाने पहुंचकर बताया कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अज्ञात व्यक्ति भगाकर अपने साथ ले गया है। रिपोर्ट पर थाना बगीचा में धारा 363 भा.द.वि. का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर प्रकरण की नाबालिग पीड़िता एवं आरोपी शाहिद खान उर्फ शाहिल के कोरबा में मौजूद होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम द्वारा दिनांक 17 दिसंबर 2023 को कोरबा से आरोपी शाहिद खान उर्फ शाहिल को गिरफ्तार किया गया। वहीं नाबालिग को उसके परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद पुलिस को पता चला कि आरोपी ने नाबालिग से दुष्कर्म भी किया था।

मामले में धारा 366(क), 376(2), 376(2)(N) भा.द.वि. एवं 4, 6 पॉस्को एक्ट जोड़कर आरोपी शाहिद खान को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले कि उसे जेल भेजते वह पुलिस हिरासत से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस की टीम व साइबर सेल द्वारा लगातार बदमाश की तलाश करती रही। फरार आरोपी शाहिद खान उर्फ शाहिल की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह (IPS) द्वारा एक विशेष टीम को लगाया गया था। टीम द्वारा जगह-जगह छापेमारी की जा रही थी।

पतासाजी के दौरान आरोपी के संबलपुर में मौजूद होने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस टीम रवाना किया गया, टीम द्वारा दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी शाहिद खान उर्फ शाहिल निवासी बिमडा थाना बगीचा गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। इस पूरी कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम) भावेश समरथ, एएसआई नसरुद्दीन अंसारी, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज केरकेट्टा, लक्ष्मण सिंह, आरक्षक नंदलाल यादव, अमित टोप्पो, अमित भगत एवं सायबर सेल से एएसआई हरिशंकर राम, आरक्षक अनिल सिंह, सोनसाय भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह (IPS) ने कहा है कि  आरोपी काफी शातिर किस्म का है, उक्त आरोपी को पकड़ने में साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, सेल के अधिकारी व कर्मचारियों को नगद ईनाम से पुरस्कृत किया जाएगा।