स्कूली छात्रा पर जानलेवा हमला : स्कूल से लौट रही थी, गले में वार कर भागा बदमाश


भिलाई। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के तहत डुंडेरा में सोमवार की शाम को स्कूली छात्रा पर जानलेवा हमला हुआ। स्कूल से लौट रही छात्रा के गले में ब्लेड से हमला कर बदमाश फरार हो गया। घटना के बाद छात्रा को आसपास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया जहां से दुर्ग जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल छात्रा का इलाज चल रहा है। इस मामले में उतई पुलिस ने धारा 307, 341, 506 के तहत अपराध दर्ज किया है।

मिली जानकारी के अनुसार मोरिद डुंडेरा की रहने वाली उमेश्वरी निषाद (16 साल) आत्मानंद स्‍कूल में 11वीं का छात्रा है। सोमवार शाम उमेश्वरी स्कूल से छुट्टी के बाद अपनी सहेलियों के साथ घर लौट रही थी। इस दौरान कचरू नगर डुंडेरा का निवासी युवक भूमिल साहू ने अपने साथियों के साथ उसका रास्ता रोका। भूमिल ने छात्रा से बात क्यों नहीं करती कहते हुए विवाद करने लगा। छात्रा ने विरोध किया तो उसने ब्लेड निकालकर उसके गले पर वार कर दिया। ब्लेड लगने से उमेश्वरी वहीं गिर पड़ी। हमला करने के बाद भूमिल साहू भाग गया।

घायल उमेश्वरी को आसपास के लोगो नें उतई प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। उमेश्वरी की सहेली प्रिती निषाद ने उमेश्वरी के पिता सुजीत कुमार निषाद को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पिता अस्पताल पहुंचा तो सहेली ने पूरा घटनाक्रम बताया। इसके बाद उसने उतई थाने में भूमिल साहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद उतई पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। वहीं छात्रा को जिला अस्पताल रेफर किया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।