Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124
Physical Address
304 North Cardinal St.
Dorchester Center, MA 02124

नई दिल्ली। दिल्ली के राउ IAS कोचिंग सेंटर के बेसमेंट हादसे की जांच के लिए सोमवार (29 जुलाई) रात 8:30 बजे केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 5 सदस्यीय कमेठी का गठन किया। यह 30 दिनों में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। इसमें हादसे के कारण, हादसे के लिए जिम्मेदारों का जिक्र होगा। साथ ही ऐसे हादसों से बचने के उपाय और नीति में बदलाव की सिफारिश भी होगी।
कमेटी में केंद्रीय गृह मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव, प्रमुख सचिव (गृह), दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी, अग्निशमन सलाहकार और केंद्रीय गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव कन्वीनर के तौर पर हैं। वहीं, बेसमेंट हादसे में जिन स्टूडेंट्स की जान गई है, उनके परिवारों को 10 लाख रुपए मुआवजा दिया जाएगा। दिल्ली LG कार्यालय ने यह जानकारी दी है।
बेसमेंट हादसे के मामले में म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन ऑफ दिल्ली (MCD) ने एक्शन लेते हुए एक जूनियर इंजीनियर को बर्खास्त और एक असिस्टेंट इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया है। ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित इस कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में शनिवार को बारिश के पानी में डूबकर 3 छात्रों की मौत हो गई थी।
पुलिस ने इस मामले को लेकर आज सोमवार को 5 और लोगों को गिरफ्तार किया है। इस तरह अब तक कुल 7 लोग अरेस्ट हो चुके हैं। तीस हजारी कोर्ट ने आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें लिखा गया कि हादसे से एक महीने पहले यानी 26 जून को ही इस बारे में MCD से शिकायत की गई थी, जिस पर कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद 2 रिमाइंडर भी दिए गए। बावजूद MCD ने कार्रवाई नहीं की।
AAP मुख्यालय के पास भाजपा ने प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि MCD में AAP का बहुमत है। मेयर भी AAP का ही है। यह घटना MCD की लापरवाही के कारण हुई। कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने वॉटर कैनन चलाई।
इधर, AAP कार्यकर्ताओं ने LG सचिवालय के बाहर भाजपा और MCD कमिश्नर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा- MCD कमिश्नर की नियुक्ति गृह मंत्रालय करता है। कमिश्नर की लापरवाही के कारण जलभराव हुआ और स्टूडेंट्स की मौत हुई। कोचिंग सेंटर के पास स्टूडेंट भी प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली के LG वीके सक्सेना आज उनसे मिलने पहुंचे। आज दिल्ली के 13 कोचिंग सेंटर भी सील किए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इनमें दृष्टि IAS कोचिंग संस्थान का एक सेंटर भी शामिल है। यह सेंटर नेहरू विहार के वर्धमान मॉल के बेसमेंट में चल रहा था।