सुपेला में चाकूबाजी करने वले चार बदमाश चढ़े पुलिस के हत्थे, गाली गलौच करने से मना किया तो दिया वारदात को अंजाम


भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में रविवार की रात को चाकूबाजी करने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सार्वजनिक स्थल पर गाली गलौज करने पर मना करने पर बदमाशों ने चाकूबाजी की थी। इस मामले में सुपेला पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद सक्रियता दिखाई और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में भोला उर्फ हरिकेश चैहान, अंकेश चैहान, सचिन सोनकर उर्फ चिन्ना व संजीव चैहान को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 307, 34 के तहत कार्रवाई की गई है।

सुपेला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात 7:30 बजे भरत गिरी गोस्वामी के घर के पास बने चबुतरा में भोला उर्फ हरिकेश चैहान, अंकेश चैहान एवं अन्य लोग बैठकर गाली गलौज कर रहे थे। मना करने पर जान से मारने की नियत से चाकू से प्राणघातक हमला कर पेट में मारकर चोट पहुंचाई। प्रार्थी के घर पर बर्थडे पार्टी चल रही थी इस दौरान बदमाश यहां गाली गलौच कर रहे थे। चाकू बाजी से प्रार्थी को प्राणघातक चोट पहुंची है। शिकायत के बाद इस मामले में आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी भोला उर्फ हरिकेश चैहान, अंकेश चैहान, सचिन सोनकर उर्फ चिन्ना, संजीव चैहान को घेराबंदी कर राजीव नगर सुपेला से पकड़ा गया। आरोपीगणों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड में जेल भेजा गया। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी सुपेला निरीक्षक दुर्गेश कुमार शर्मा, उप निरीक्षक मनीष वाजपेयी, प्रमोद सिन्हा, एएसआई राजेश सिंह, प्रधान आरक्षक, भरत यादव, उपेन्द्र सिंह, आरक्षक अजीत सिंह, विवेक सिंह, सुरेन्द्र गिरी, विशाल सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, श्यामजी मिश्रा, विकास तिवारी का विशेष योगदान रहा।