विश्व कवि रवीन्द्रनाथ टैगोर के जन्मदिवस सैकड़ों लोगों ने एक साथ गाया रविन्द्र सुधा, देशभर से जुडे एक हजार से ज्यादा लोग


भिलाई। कला मंदिर के मंच पर एक साथ सौ से ज्यादा गायक और स्क्रीन के माध्यम से  11 राज्यों से जुड़े 1000 से ज्यादा कलाकारों ने रवीन्द्र संगीत को गाना शुरू किया तो हर कोई इस पल को देख झूमने लगा। भिलाई देश के 11 शहर में एक ही साथ एक ही समय पर विश्वकवि रवीन्द्र नाथ टैगोर के 20 गाने गाकर 11  घंटे 40 मिनट तक अपने कंठों से एक सा स्वर दिया।

दरअसल यह कार्यक्रम विश्व कवि रवीन्द्रनाथ टैगोर के 163वें जन्मदिन पर कलामंदिर सिविक सेंटर में आयोजित किया गया। कलामंदिर में 100 लोगों ने एक साथ रविन्द्र संगीत का गायन किया। इस दौरान 11 राज्यों से 1000 से ज्यादा लोग ऑनलाइन जुड़े। भिलाई में संभवत: पहली बार ऐसा आयोजन किया गया। इसका लाइव प्रसारण सोशल मीडिया के माध्यम से पूरे देश में किया गया। इस कार्यक्रम को भिलाई के साथ ही 11 अन्य राज्यों के शहरों में भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बीएसपी के रिटायर्ड ईडी मानस विश्वास ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस मौके पर रवीन्द्र सुधा साहित्य सम्मान रायगढ़ की लेखिका स्मृति दत्त को दिया गया। कार्यक्रम के सयंजोक विश्वजीत सरकार ने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए पिछले 9 माह से प्रशिक्षण व रिहर्सल किया जा रहा था। 9 माह की मेहनत सफल हो गई। गायकों में चैती पॉल, मऊ राय, स्वागता विश्वास, सुचिता मुखर्जी, पारोमिता सहित 100 से अधिक लोग मौजूद रहे। सभी की मेहनत व लगन से यह कार्यक्रम सफल हो पाया।