पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए पहुंची महिला पर दरोगा ने चलाई गोली, सिर पर लगी गोली… देखें Video


अलीगढ़। दरोगा की लापरवाही से एक महिला की जान पर बन आई है। दरअसल महिला अपने पासपोर्ट के वेरीफिकेशन के लिए थाने पहुंची थी। इस दौरान दारोगा ने सिपाही से पिस्टल ली और फिर उसे लोड कर दिया। इसके बाद अचानक से पिस्टल का ट्रिगर दब गया और गोली सीधे महिला के सिर पर लगी। गोली लगते ही महिला अचेत होकर गिर गई और इधर दरोगा फरार हो गया। आनन फानन में महिला को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं घटना के बाद एसपी ने दरोगा को सस्पेंड कर दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक मामला अलीगढ़ के कोतवाली थाने का है। जहां एक महिला इशरत पत्नी मोहम्मद शकील शुक्रवार को पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए आई थी। कोतवाली में भुजपुरा चौकी इंचार्ज मनोज कुमार शर्मा सामने खड़े थे। थाने में मौजूद सिपाही ने दारोगा को पिस्टल थमा दी। इसके बाद दारोगा ने पिस्टल को लोड किया और फिर उसे हाथ में पकड़ लिया। जब कि महिला कुछ बता पता उससे पहले ही दारोगा के हाथ में मौजूद पिस्टल अचानक से चल गई। गोली सीधे महिला के सिर में लगी, जिससे वो जमीन पर गिर गई। भागकर महिला के साथ खड़े एक शख्स ने उसे उठाने की कोशिश की लेकिन महिला लहूलुहान बेसुध पड़ी रही। पुलिसवालों की मदद से फौरन उसे JN मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।