बीमा एजेंट की करतूत : पत्नी पर चलाई गोली… कैरेक्टर पर था शक, आरोपी गिरफ्तार


रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार की शाम को उस समय सनसनी फैल गई जब लोगों ने फायरिंग की आवाज सुनी। दरअसल यहां के डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक बीमा एजेंट ने अपनी पत्नी पर गोली चला दी। हालांकि पत्नी की कलाई व कंधे पर लगी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इधर घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया लेकिन कुछ ही घंटों में पुलिस ने उसे दबोच लिया। डीडी नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार की शाम की बताई जा रही है। यहां के रोहनी पुरम में रहने वाले बीमा एजेंट शुभांकर नंदी का अपनी पत्नी से विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा किया शुभांकर नंदी ने अपने पास रखी लाइसेंसी पिस्टल से गोली चला दी। गोली महिला के कंधे और कलाई पर लगी। बताया जा रहा है कि महिला अपने दो बच्चों को कोचिंग से छोड़कर वापस लौट रही थी इस दौरान विवाद हुआ। गोली लगने के बाद महिला तेजी से भागी और गिर पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से महिला को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में महलिा की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस ने घटना के बाद आरोपी शुभांकर नंदी की तलाश शुरू कर दी। गिरफ्तारी के डर से शुभांकर नंदी फरार हो गया था। हालांकि वह पुलिस को ज्यादा देर तक छका नहीं पाया। पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। डीडी नगर पुलिस ने बताया कि आरोपी ले जिस पिस्टल से गोली चलाई उसे तीन दिन पहले की कागजी कार्रवाई पूरा करने के बाद थाने से ले गया था। उक्त पिस्टल 2019 से थाने में जमा थी। घटना के समय में घर पर भी कोई नहीं था। पुलिस ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी के कैरेक्टर पर शक करता था और आए दिन इसे लेकर दोनों में विवाद होता रहता था।