कोलकाता डॉक्टर रेप-मर्डर केस, गला घोंटकर हत्या, पोस्टमॉर्टम में खुलासा, 8 अगस्त को सुबह 3-5 बजे के बीच मर्डर


कोलकाता। कोलकाता डॉक्टर रेप-मर्डर केस में सोमवार (12 अगस्त) को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आई है। इसमें मर्डर से पहले रेप की पुष्टि की गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रेनी डॉक्टर की गला घोंटकर हत्या की गई है। घटना सुबह 3 से 5 बजे की है। पुलिस ने अस्पताल के 30 दिन का CCTV फुटेज का डेटा लिया है। इससे पता लगाया जाएगा कि आरोपी के साथ कोई और शामिल है या नहीं। एक महीने में आरोपी कितने बार अस्पताल आया।

उधर, घटना को लेकर आज देशभर के 3 लाख रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर हैं। AIIMS दिल्ली समेत देशभर के सभी सरकारी अस्पतालों में OPD सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इमरजेंसी सेवाएं चालू रखी गई हैं।

इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार सुबह ट्रेनी डॉक्टर के घर पहुंचीं। यहां उन्होंने कहा- 18 अगस्त तक पुलिस केस सॉल्व नहीं कर पाई तो जांच CBI को सौंप देंगे। हालांकि, CBI का सक्सेस रेट काफी कम है। केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में भी चलना चाहिए। कोलकाता के RG कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 8 अगस्त देर रात ट्रेनी डॉक्टर की अर्धनग्न लाश मिली थी। पुलिस के मुताबिक, रेप के बाद उसकी हत्या की गई। प्राइवेट पार्ट, आंखों और मुंह से खून बह रहा था। उसकी गर्दन की हड्डी भी टूटी हुई पाई गई थी।